Pollution in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के स्तर को लेकर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने पड़ोसी राज्यों को घेरते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने कहा है- मैं लगातार केंद्र सरकार से अपील कर रहा हूं कि इस मसले पर संयुक्त रूप से काम किया जाना चाहिए। शहर में हम लगातार ग्रैप के नियमों को लागू कर रहे हैं, पर हमारे पड़ोसी राज्य चुपचाप बैठे हैं।
राय का साफ कहना है, "आसपास के राज्यों की सरकारें और केंद्र इस मसले पर कुछ भी नहीं कर रहा है।मुझे लगता है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नियमों का पालन होगा...मैं लगातार आसपास के राज्यों में पटाखों पर बैन लगाए जाने की मांग उठा रहा हूं। बीजेपी प्रदूषण को काबू तो करना चाहती है, मगर वह ऐसा सिर्फ बयानों के जरिए करना चाहिए है।"
उन्होंने इसके अलावा यह जानकारी दी कि डीपीसीसी को कनॉट प्लेस के आसपास स्मॉग टॉवर बनाने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं, जो कि कल (गुरुवार - नौ नवंबर, 2023) से संचालन में आ जाएंगे।
उधर, दिल्ली से सटे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि प्रदूषित हवा सीमाओं तक सीमित नहीं है। उन्होंने इसके साथ ही दावा किया कि दिल्ली के साथ उनके राज्य में भी लोग पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं से पीड़ित हैं, जहां पराली जलाने के कई मामले रिपोर्ट किए गए हैं। इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और पर्यावरण को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
