Tamilnadu Deepam Dispute : तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मदुरै की तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने के उच्चतम न्यायालय के निर्देश का कथित रूप से पालन नहीं किए जाने पर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार से स्पष्टीकरण मांगा। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 167(b) के तहत मुख्यमंत्री से प्रशासनिक फैसले और इस मामले में सरकार की भूमिका से जुड़ी जानकारी मांगी है।
तमिलनाडु में दीपम विवाद पर बढ़ा सियासी टकराव।
मंडपम में जलाया गया था दीप
सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि राज्य सरकार को इस मामले में आधिकारिक जानकारी देने के साथ ही मौके पर पुलिस द्वारा जारी किए गए विशिष्ट निर्देशों का ब्योरा उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है। मंगलवार को कार्तिगई दीपम (दीपक) पारंपरिक रूप से उचि पिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडपम में जलाया गया था, न कि पहाड़ी पर उस स्थान पर जहां पत्थर का स्तंभ स्थित है। उच्चतम न्यायालय ने इससे पहले एक बार पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने का निर्देश दिया था।
प्राचीन पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाना था
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को निर्देश दिया था कि 24 नवंबर को शाम 6 से 6:30 बजे के बीच पहाड़ी पर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर एक बार दीपक जलाने की अनुमति दी जाए। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाजवूज प्राचीन पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति टीवीके सरकार द्वारानहीं दिए जाने पर राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने बुधवार को कहा कि टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार की 'उल्टी गिनती शुरू हो गई है।’
'कानूनी परिणाम भुगतने’ की चेतावनी दी
उन्होंने उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित स्तंभ पर कार्तिगई महादीपम नहीं जलाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को 'कानूनी परिणाम भुगतने’ की चेतावनी दी। नागेंद्रन ने संवाददाताओं से कहा कि यह घटना केवल 'हिंदू विरोधी’ नहीं है, बल्कि संविधान का भी उल्लंघन है। उनका यह बयान तमिलनाडु सरकार द्वारा उच्चतम न्यायालय के 21 नवंबर के आदेश को लागू करने में विफल रहने के बाद आया है। शीर्ष अदालत ने 24 नवंबर को एक बार के उपाय के तौर पर तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ 'दीपथून’ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी।
मुख्यमंत्री की निष्पक्षता पर सवाल उठाए
यह विवाद पहाड़ी की चोटी पर स्थित स्थान पर पारंपरिक रूप से कार्तिगई दीपम जलाने की प्रथा और कानून-व्यवस्था संबंधी प्रतिबंधों तथा परंपराओं का हवाला देते हुए इस निर्देश को लागू करने पर राज्य के अधिकारियों की आपत्तियों को लेकर है। विजय पर सीधे निशाना साधते हुए नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री की परिपक्वता और निष्पक्षता पर सवाल उठाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया, 'मेरे आकलन में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री में सभी को समान रूप से देखने के लिए आवश्यक परिपक्वता, उदारता और मानसिकता का अभाव है। मुझे लगता है कि वह कुछ राजनीतिक दलों की साजिशों में फंसकर खुद को बर्बाद कर रहे हैं।’
