देश

चुनाव कर्नाटक में और हंगामा राजस्थान में, सचिन पायलट के अनशन से पहले हरकत में कांग्रेस आलाकमान

  • Authored by: रंजीता झाEdited by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Apr 10, 2023, 04:31 PM IST

सचिन पायलट के करीबी सूत्रों का कहना है कि आलाकमान ने सचिन के आधिकारिक ऐलान के बाद भी उनसे न कुछ कहा और न धरना रोकने का आदेश दिया।

Image

सचिन पायलट

Photo : BCCL

Ashok Gehlot Sachin Pilot: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है, लेकिन हंगामा राजस्थान कांग्रेस में मचा हुआ है। अशोक गहलोत और सचिन पायलट की लड़ाई फिर एकबार उजागर हो गई है। इस बीच कांग्रेस सूत्रों ने कहा है कि राजस्थान के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, सचिन पायलट के उस बयान से नाराज चल रहे हैं, जिसमें उन्होंने अपनी ही सरकार पर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था। खबर आ रही है कि रंधावा 11 अप्रैल को जयपुर जाएंगे और सियासी स्थिति का आकलन करेंगे। इस दौरान वह सीएम गहलोत से भी मिल सकते हैं।

आलाकमान से नहीं आया कोई आदेश

वहीं, सचिन पायलट के करीबी सूत्रों का कहना है कि 11 अप्रैल को शहीद स्मारक पर होने वाले धरना कार्यक्रम में पायलट जरूर शामिल होंगे। उस कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होने वाला है। साथ ही यह भी कहा है कि आलाकमान ने सचिन के आधिकारिक ऐलान के बाद भी उनसे न कुछ कहा और न धरना रोकने का आदेश दिया। पायलट के करीबी सूत्रों का कहना है कि अलाकमान कैसे कहेगा। वे तो पार्टी का वादा पूरा करने को लेकर धरना दे रहे हैं।

धरना वसुंधरा सरकार के दौरान फैसले से जुड़ा

सचिन पायलट कैंप से आ रही खबर के मुताबिक, यह धरना वसुंधरा सरकार के वक्त के फैसले की जांच कीं मांग को लेकर है। हमने जनता से इसका वादा किया था। खुद सीएम अशोक गहलोत ने भी 2018 से पहले सचिन पायलट के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए वादा किया था। सचिन कैंप के नेता का कहना है, ''पार्टी की तरफ से जारी बयान में सचिन पायलट का नाम तक नहीं है। न ही उनके लिए कुछ कहा गया है। हर पार्टी अपने वर्तमान मुख्यमंत्री की उपलब्धियां गिनाती है। वही हमारी पार्टी ने भी किया है। सचिन पायलट को उससे क्या ऐतराज होगा। पार्टी के बयान पर उनको प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है।''

लंबे समय से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं सचिन पायलट

आपको बता दें कि सचिन पायलट खुद मुख्यमंत्री गहलोत को एक साल से ज्यादा समय से चिट्ठी लिखकर वसुंधरा सरकार के कथित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई का मुद्दा उठाते रहे हैं। इस बाबत लिखी चिठ्ठी भी सार्वजनिक है। इन तमाम विवादों पर पवन खेड़ा ने कहा, ''कल सचिन पायलट के अनशन पर पार्टी को फिलहाल कुछ नहीं कहना है। इसको लेकर कल बयान जारी किया गया। यह जांच बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर चल रही है। कोरोना में सरकार को गिराने की कोशिश बीजेपी ने की थी, उसकी जांच भी चल रही है।''

रंजीता झा
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article