देश

प्रधानमंत्री बताएं कि बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए, उद्धव ठाकरे का तीखा सवाल

ठाकरे ने कहा कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में सुरक्षित हैं, लेकिन पड़ोसी देश में हिंदुओं का क्या?

Image

उद्धव ठाकरे

Photo : PTI

Uddhav Thackeray on Bangladeshi Hindu: शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को संसद को बताना चाहिए कि बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए भारत क्या कदम उठा रहा है। मुंबई में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करते हुए कहा कि उसका हिंदुत्व केवल वोटों के लिए है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में मंदिरों में तोड़फोड़ की जा रही है, जहां पिछले कुछ महीनों में अल्पसंख्यक हिंदुओं को हिंसक हमलों का सामना करना पड़ा है।

ठाकरे ने कहा कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में सुरक्षित हैं, लेकिन पड़ोसी देश में हिंदुओं का क्या? ठाकरे ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी को संसद को बताना चाहिए कि भारत बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठा रहा है। संसद का शीतकालीन सत्र जारी है। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री ने रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवा दिया, तो उन्हें बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार भी रोकना चाहिए।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले

बता दें कि बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से ही हिंदुओं पर हमले बढ़ गए हैं। उनके घरों और मंदिरों को निशाना बनाया गया है। भारत की आपत्ति को भी बांग्लादेश ने खारिज कर दिया। यहां तक कि इस्कॉन को भी निशाने पर लिया गया। बांग्लादेस पुलिस ने हिंदू नेता व इस्कॉन सदस्य चिन्मय कृष्ण दास को भी देशद्रोह मामले में गिरफ्तार कर लिया। भारत ने अपनी चिंता जताते हुए हिंदुओं पर हमले का मामला उठाया। हिंदू नेता की गिरफ्तारी पर विदेश मंत्रालय ने कहा था कि हम बांग्लादेश के अधिकारियों से हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह करते हैं। लेकिन बांग्लादेश को ये नागवार गुजरा और उसने भारत को अपने अंदरुनी मामले में दखल न देने की हिदायत दे डाली।

मोहम्मद युनूस से मिले मिसरी

वहीं तनाव के मद्देनजर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 9 दिसंबर को बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद युनूस से मुलाकात की थी। और दोनों देशों के रिश्तों में आए तनाव एवं 'अविश्वास के कोहरे' को दूर करने आह्वान किया। युनूस ने भी दोनों देशों के मुद्दों का हल निकालने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों पर 'एक तरह की धुंघ की परत बिछी' हुई है, उसे दूर करने की जरूरत है। मिसरी ने बांग्लादेश के अपने समकक्ष मोहम्मद जशीमुद्दीन के साथ बैठक की। मुलाकात के बाद मिसरी ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अपने समकक्ष मोहम्मद जशीमुद्दीन के साथ बैठक के दौरान अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और कल्याण सहित भारत की चिंताओं से अवगत कराया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article