PM Modi To address Nation : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च होने के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला संबोधन होगा। अपने इस संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री भारत औऱ पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव पर बोल सकते हैं। पाकिस्तान के साथ जारी संघर्ष के दौरान वह शीर्ष सैन्य कमांडरों और कैबिनेट के मंत्रियों के साथ बैठकें कर हालात का जायजा लेते रहे हैं। पीएम के इस संबोधन पर सभी की नजरें लगी हैं।
'ऑपरेशन सिंदूर' में मारे गए 100 आतंकी
पहलगाम आतंकवादी हमले के गुनहगारों को सजा देने के लिए भारत ने सात मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च किया। इसके तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पांच जगहों और पाकिस्तान के पंजाब में चार जगहों पर आतंकी ढांचों एवं ठिकानों को निशाना बनाकर हमला हुआ। इन हमलों में कम से कम 100 आतंकवादी मारे गए।
सेना के पराक्रम की सराहना कर सकते हैं पीएम
समझा जाता है कि अपने इस संबोधन में प्रधानमंत्री सेना के शौर्य एवं पराक्रम की सराहना और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दुनिया को एकजुट होने का आह्वान कर सकते हैं। 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को बुरी तरह धूल चटाई है। दुनिया भर में भारतीय सेना की प्रशंसा हो रही है। सेना ने जिस सटीकता और प्रभाव से पाकिस्तानी सेना और आतंकियों के ठिकानों पर हमले किए हैं, उसे देखकर दंग है।
भारत ने अपने वांछित लक्ष्य हासिल किए
पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को कई भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया। भारतीय सशस्त्र बलों ने रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहीम यार खान, सुक्कुर और चुनियां सहित कई पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों पर भीषण जवाबी हमला किया। पसरूर और सियालकोट बेस पर रडार साइट को भी सटीक हथियारों का इस्तेमाल करके निशाना बनाया गया, जिससे भारी नुकसान हुआ। सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा है कि लड़ाई में 35-40 पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए हैं और भारत ने अपने वांछित लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। घई आज शाम अपने पाकिस्तानी समकक्ष से बात करने वाले हैं, जो शनिवार के बाद दोनों डीजीएमओ की दूसरी वार्ता होगी।
