देश

PM Modi: आज महाराष्ट्र का दौरा करेंगे पीएम मोदी, मुंबई मेट्रो लाइन के उद्घाटन समेत कई परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

PM Modi Visit Mumbai: पीएम मोदी आज महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। वे वाशिम जाएंगे वहां पोहरादेवी स्थित जगदम्बा मंदिर में दर्शन करेंगे। वे वाशिम में संत सेवालाल महाराज और संत रामराव महाराज की समाधि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी ठाणे में 32800 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे बीकेसी और सांताक्रूज स्टेशनों के बीच मेट्रो में सफर भी करेंगे।

Image

आज महाराष्ट्र का दौरा करेंगे पीएम मोदी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

PM Modi Visit Mumbai: पीएम मोदी आज महाराष्ट्र के दौरे पर जाने वाले हैं, जहां वह शहर की पहली पूरी तरह से भूमिगत मेट्रो लाइन, कोलाबा-बांद्रा-सीप्ज मुंबई मेट्रो लाइन 3 का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी मुंबई में अन्य विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और उनका भूमिपूजन भी करेंगे। वहीं, इसके बाद आरे जेवीएलआर और बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) के बीच मुंबई मेट्रो लाइन 3 का 12.69 किलोमीटर का हिस्सा आंशिक रूप से खोला जाएगा। मुंबई यात्रा को लेकर पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि कल महाराष्ट्र में कई परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास में विकास और विरासत का संगम दिखेगा। सुबह करीब 11.30 बजे वाशिम में बंजारा विरासत म्यूजियम के लोकार्पण के बाद किसानों के कार्यक्रम का हिस्सा बनूंगा। इसके बाद ठाणे में विकास कार्यक्रम में शामिल होऊंगा। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और अजीत पवार, साथ ही अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

मेट्रो की सवारी का अनुभव करेंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी लाइन 3 को हरी झंडी दिखाने के समारोह के लिए बीकेसी मेट्रो स्टेशन पहुंचेंगे और बीकेसी लौटने से पहले बीकेसी से सांताक्रूज मेट्रो स्टेशन तक की सवारी का अनुभव करेंगे। यात्रा के दौरान वह ट्रेन में सवार छात्रों और श्रमिकों से बातचीत करेंगे। बता दें, पीएम मोदी आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए डिजाइन किया गया एक मोबाइल ऐप, MetroConnect3 भी लॉन्च करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा मुंबई की भूमिगत मेट्रो की यात्रा को दर्शाने वाली एक कॉफी टेबल बुक का भी अनावरण किया जाएगा। पुस्तक में आश्चर्यजनक दृश्यों का संग्रह है जो मेट्रो के विकास का विवरण देता है। इसके बाद पीएम मोदी लगभग 12200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल परियोजना की आधारशिला रखेंगे। परियोजना की कुल लंबाई 29 किलोमीटर है जिसमें 20 एलिवेटेड और 2 भूमिगत स्टेशन हैं। यह महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजना महाराष्ट्र के एक प्रमुख औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्र ठाणे की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पहल है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article