देश

प्रधानमंत्री मोदी आज ओडिशा यात्रा पर, कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन, राज्य को मिलेंगी कई सौगातें

पीएम मोदी सुबह 10.50 बजे बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे और फिर गडकाना गांव जाएंगे जहां वह प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के साथ बातचीत करेंगे।

Image

पीएम मोदी का ओडिशा दौरा

PM Modi Odisha Visit: प्रधानमंत्री मोदी आज ओडिशा की यात्रा पर हैं और इस दौरान कई परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। ओडिशा की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के 12 जून के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के बाद यह प्रधानमंत्री की राज्य की पहली यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी इस यात्रा के दौरान महिलाओं के लिए राज्य सरकार की सामाजिक कल्याण योजना (सुभद्रा योजना) की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री कई अवसरंचना परियोजनाओं की भी शुरुआत करेंगे।

सुभद्रा योजना की शुरुआत करेंगे

अधिकारियों ने कहा कि वह सुबह 10.50 बजे बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे और फिर गडकाना गांव जाएंगे जहां वह प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के साथ बातचीत करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद वह दोपहर करीब 12 बजे जनता मैदान पहुंचेंगे, जहां से वह सुभद्रा योजना की शुरुआत करेंगे। वह 2,871 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं और 1,000 करोड़ रुपये की राजमार्ग परियोजनाओं की भी शुरुआत करेंगे।

उन्होंने बताया कि पीएम मोदी दोपहर करीब 1.15 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। राज्य की राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और 500 अधिकारियों सहित 3,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस आयुक्त संजीव पांडा ने कहा कि जिन सड़कों से प्रधानमंत्री गुजरेंगे, उन सभी पर बैरिकेड लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुल 11 पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) , 22 अतिरिक्त डीसीपी, 66 एसीपी, 100 निरीक्षक और 300 अन्य अधिकारियों समेत सुरक्षा बलों की 81 प्लाटून (प्रत्येक में 30 कर्मी) और 500 होम गार्ड तैनात किए जाएंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article