देश

PM Modi Punjab Visit: 17 जुलाई को पंजाब दौरे पर PM, जालंधर से देंगे रेलवे परियोजनाओं की सौगात

पीएम मोदी जल्द ही पंजाब का दौरा करने वाले हैं। यहां वे जालंधर से वाराणसी के लिए शुरू की जा रही नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

Image

पीएम मोदी करेंगे पंजाब का दौरा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब के दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वे राज्य को रेलवे क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का उद्घाटन करेंगे और जालंधर से वाराणसी के लिए शुरू की जा रही श्री गुरु रविदास जी महाराज के नाम वाली नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। ऐसे में इस यात्रा को विकास और राजनीति दोनों नजरियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

110 साल पुराने जालंधर कैंट स्टेशन के पुनर्विकिसित स्वरूप का करेंगे उद्घाटन

ब्रिटिश काल में बने करीब 110 वर्ष पुराने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान इसका भी उद्घाटन करेंगे। देशभर में जिन 75 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है, उनमें जालंधर कैंट स्टेशन भी शामिल है।

यहां पुनर्विकास के बाद स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक प्रतीक्षालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, बेहतर प्रवेश और निकास व्यवस्था, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं तथा सुगम आवागमन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

गुरु रविदास जी महाराज के नाम पर नई ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री जालंधर से वाराणसी के लिए शुरू होने वाली श्री गुरु रविदास जी महाराज एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन विशेष रूप से पंजाब के श्रद्धालुओं और वाराणसी जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज सामाजिक समानता, मानव गरिमा और न्याय के संदेश के लिए जाने जाते हैं। पंजाब में विशेषकर अनुसूचित जाति समुदाय के बीच उनके प्रति गहरी श्रद्धा है। ऐसे में उनके नाम पर ट्रेन की शुरुआत को सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अहम कदम माना जा रहा है।

भाजपा ने किया प्रधानमंत्री के दौरे का स्वागत

प्रधानमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर पंजाब भाजपा ने खुशी जताई है। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य में विकास परियोजनाओं को नई गति देगा और रेलवे ढांचे के आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए जालंधर और रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा पंजाब में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। वहीं, आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इसका राजनीतिक महत्व भी कम नहीं आंका जा रहा है।

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी author

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था... और देखें

End of Article