देश

यूपी-MP के दौरे पर आज PM मोदी, वाराणसी में Rs 3,880 करोड़ की विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन

PM Modi Varanasi Visist: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में वह 3,880 करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। विकास की ये परियोजनाएं बुनियादी संरचना एवं सड़क संपर्क से जुड़ी हैं।

Image

वाराणसी में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी।

PM Modi Varanasi Visist: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में वह 3,880 करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। विकास की ये परियोजनाएं बुनियादी संरचना एवं सड़क संपर्क से जुड़ी हैं। इस मौके पर पीएम वाराणसी रिंग रोड और सारनाथ के बीच एक ब्रिज, भिखारीपुर एवं मडुआडीह में फ्लाइओवर और एनएच-31 पर एक सुरंग की आधारशिला रखेंगे। इन परियोजनाओं की लागत 980 करोड़ रुपए है।

‘शास्त्री घाट’ और ‘सामने घाट’ पर परियोजनाओं का उद्घाटन

वाराणसी के संभागीय आयुक्त कौशल राज शर्मा ने कहा कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा उनमें ग्रामीण विकास पर केंद्रित योजनाएं शामिल हैं, जिनमें 130 पेयजल परियोजनाएं, 100 नए आंगनवाड़ी केंद्र, 356 पुस्तकालय, पिंडरा में एक पॉलिटेक्निक कॉलेज और एक सरकारी डिग्री कॉलेज शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री पुलिस लाइन में ‘ट्रांजिट हॉस्टल’ और रामनगर में पुलिस बैरक तथा चार ग्रामीण सड़कों का भी उद्घाटन करेंगे। शहरी विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए मोदी ‘शास्त्री घाट’ और ‘सामने घाट’ पर परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, साथ ही रेलवे और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा किए गए विभिन्न सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।

25 परियोजनाएं 2,250 करोड़ रुपये की

जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, उनमें से 25 परियोजनाएं 2,250 करोड़ रुपये की हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य शहर के बिजली ढांचे को मजबूत करना है। इसमें 15 नए ‘सबस्टेशन’ का निर्माण, नए ट्रांसफार्मर की स्थापना और 1,500 किलोमीटर तक बिजली के तार लगाना शामिल है। चौकाघाट के पास एक नया 220 केवी सबस्टेशन भी बनाया जाएगा, जिसका लक्ष्य 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री तीन नए फ्लाईओवर के साथ-साथ विभिन्न सड़क चौड़ीकरण पहल और स्कूल नवीनीकरण कार्य और शिवपुर और ‘यूपी कॉलेज’ में दो स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे। मोदी रोहनिया के मेहंदीगंज में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

आयोजन स्थल पर भारी सुरक्षाकर्मी तैनात

उन्होंने कहा कि गर्मी और यातायात को देखते हुए ग्रामीण आबादी की पहुंच आसान बनाने के लिए मोदी का कार्यक्रम शहर की सीमा से बाहर रिंग रोड पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम सुबह होगा, जिससे उपस्थित लोग दोपहर से पहले घर लौट सकेंगे। कैंट कैंप कार्यालय में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और एडीजी (सुरक्षा) रघुवीर लाल ने बताया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में छह एसपी, आठ एडिशनल एसपी, 33 सीओ और पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बलों के करीब 4,000 जवान तैनात रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश पूरी तरह से जांच और तलाशी के बाद ही होगा। कार्यक्रम स्थल के पास अस्थायी ‘पार्किंग जोन’ बनाए जाएंगे।

ढोल बजाकर होगा पीएम का स्वागत

वीआईपी मार्ग और आसपास के इलाकों में छतों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को उपस्थित लोगों के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया है। भाजपा की नगर इकाई के अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि प्रधानमंत्री करीब ढाई घंटे वाराणसी में रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘पार्टी कार्यकर्ता कई जगहों पर शंख, ढोल बजाकर और फूल बरसाकर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।’

एमपी के अशोकनगर जिले में आनंदपुर धाम जाएंगे पीएम

प्रधानमंत्री मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में आनंदपुर धाम जाएंगे। वहां वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। आनंदपुर धाम ईसागढ़ तहसील के आनंदपुर गांव में स्थित है। यह अशोकनगर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर और भोपाल से करीब 215 किलोमीटर दूर है। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब सवा तीन बजे ईसागढ़ में गुरु जी महाराज मंदिर में दर्शन करेंगे और पूजा करेंगे। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने एक विज्ञप्ति में बताया कि एक घंटे बाद वह आनंदपुर धाम में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करेंगे। आनंदपुर धाम की स्थापना आध्यात्मिक और परोपकारी उद्देश्यों के लिए की गई है।

500 से अधिक गायों वाली एक आधुनिक गौशाला

विज्ञप्ति में कहा गया है कि 315 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस गांव में 500 से अधिक गायों वाली एक आधुनिक गौशाला है और श्री आनंदपुर न्यास परिसर के अंतर्गत कृषि गतिविधियां संचालित की जाती हैं। विज्ञप्ति के अनुसार न्यास सुखपुर गांव में एक धर्मार्थ अस्पताल, सुखपुर और आनंदपुर में स्कूल और देश भर में विभिन्न सत्संग केंद्र चला रहा है। इस साल प्रधानमंत्री मोदी का यह दूसरा मध्यप्रदेश दौरा है। इससे पहले उन्होंने 23 फरवरी को छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम का दौरा किया था और अगले दिन राज्य की राजधानी भोपाल में ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का उद्घाटन किया था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article