देश

पीएम मोदी का नागपुर दौरा आज, आरएसएस संस्थापक के स्मारक पर जाएंगे; जानें क्या है उनका पूरा प्लान

PM Modi to visit Nagpur: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपने शताब्दी वर्ष मनाने की तैयारी कर रहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को यानी आज नागपुर का दौरा करेंगे और रेशमबाग में स्मृति मंदिर में आरएसएस के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के स्मारक का दौरा करेंगे। आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं कि पीएम मोदी का पूरा प्लान क्या है।

Image

आज नागपुर दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

PM Modi's Plan Today: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज महाराष्ट्र के नागपुर का दौरा करेंगे, जहां वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक डॉ. केबी हेडगेवार के स्मारक पर जाएंगे और दीक्षाभूमि में डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में होगा, जब नागपुर में गुड़ी पड़वा के मौके पर आरएसएस के समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

नागपुर में आज आरएसएस संस्थापक के स्मारक पर जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री स्मृति मंदिर जाएंगे और आरएसएस के संस्थापक सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। हेडगेवार और आरएसएस के दूसरे सरसंघचालक एमएस गोलवलकर के स्मारक नागपुर के रेशिमबाग इलाके में डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर में स्थित हैं। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री दीक्षाभूमि भी जाएंगे, जहां वह आंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे। आंबेडकर ने 1956 में दीक्षाभूमि में अपने हजारों अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म अपनाया था।

ये भी बताया गया है कि प्रधानमंत्री ‘माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर’ की आधारशिला रखेंगे, जिसे माधव नेत्रालय नेत्र संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र का विस्तार करके बनाया गया है। ‘माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर’ की स्थापना 2014 में हुई थी और यह एक प्रमुख ‘सुपर-स्पेशियलिटी’ नेत्र चिकित्सा सुविधा है। इस संस्थान की स्थापना डॉ. गोलवलकर की याद में की गई थी। ‘माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर’ में 250 बिस्तर वाला अस्पताल, 14 बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) और 14 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर होंगे, जिनका उद्देश्य लोगों को सस्ती और विश्व स्तरीय नेत्र उपचार सेवाएं प्रदान करना है।

‘सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड’ की शस्त्रागार सुविधा का करेंगे दौरा

पीएम मोदी नागपुर में ‘सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड’ की शस्त्रागार सुविधा का भी दौरा करेंगे और मानवरहित विमानों (यूएवी) के लिए नवनिर्मित 1,250 मीटर लंबी एवं 25 मीटर चौड़ी हवाई पट्टी का उद्घाटन करेंगे। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री ‘लोइटरिंग म्यूनिशन’ और अन्य निर्देशित युद्ध सामग्री के परीक्षण के लिए स्थापित ‘लाइव म्यूनिशन और वारहेड’ परीक्षण केंद्र का उद्घाटन करेंगे।

नागपुर दौरे की पूर्व संध्या एसपीजी और स्थानीय पुलिस ने तैयारी पूरी की

एक अधिकारी ने बताया कि मोदी के नागपुर दौरे की पूर्व संध्या पर विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) और स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का पूर्वाभ्यास किया। उन्होंने बताया कि एसपीजी और स्थानीय पुलिस के अधिकारियों ने शहर के उन स्थानों का दौरा किया, जहां मोदी जाएंगे। अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के काफिले में वीआईपी सुरक्षा से जुड़े वाहन और आरसीईआईडी (रेडियो नियंत्रित संवर्धित विस्फोटक उपकरण) जैमर उपकरण वाले वाहन सहित 20 विशेष वाहन शामिल होंगे।’’

उन्होंने बताया, ‘‘स्थानीय इकाइयों के 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों, बम खोज एवं निरोधक दस्ते, दंगा निरोधक दस्ते और त्वरित प्रतिक्रिया दल को तैनात किया गया है। कुल 900 यातायात पुलिस अधिकारी सड़कों पर मौजूद रहेंगे।” उन्होंने बताया कि एसपीजी अधिकारी बृहस्पतिवार से ही नागपुर में मौजूद हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article