देश

पूर्वोत्तर के पहले ELF पर आज लैंड करेगा PM मोदी का प्लेन, देखेंगे IAF की ताकत, असम को देंगे परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री संभवत: सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर डिब्रूगढ़ जिले के चबुआ हवाईक्षेत्र पर पहुंचेंगे और इसके बाद वह भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के सी-130 विमान से मोरन स्थित ईएलएफ जाएंगे, जहां वह 100 करोड़ रुपये की लागत वाली 4.2 किलोमीटर लंबी सुविधा का उद्घाटन करेंगे।

Image

असम में इसी साल होंगे विधानसभा चुनाव।

Photo : PTI

PM Modi Assam Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने एक दिन के दौरे के तहत शनिवार को असम पहुंचेंगे। पीएम मोदी का यह दौरा काफी व्यस्त रहने वाला है। सबसे पहले मोरन में वह आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यह पूर्वोतर का पहला ELF है। यहां पीए करीब 20 मिनट तक भारतीय वायु सेना (IAF) के लड़ाकू विमानों एवं हेलिकॉप्टर की हवाई ताकत भी देखेंगे। साथ ही पीएम मोदी राज्य को विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

मोरन में पीएम देखेंगे IAF की ताकत

खास बात यह है कि पिछले तीन महीने में मोदी का यह तीसरा असम दौरा होगा। राज्य में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। प्रधानमंत्री संभवत: सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर डिब्रूगढ़ जिले के चबुआ हवाईक्षेत्र पर पहुंचेंगे और इसके बाद वह भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के सी-130 विमान से मोरन स्थित ईएलएफ जाएंगे, जहां वह 100 करोड़ रुपये की लागत वाली 4.2 किलोमीटर लंबी सुविधा का उद्घाटन करेंगे। मोदी लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टर के 20 मिनट के हवाई प्रदर्शन को भी देखेंगे।

कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे

इसके बाद वह ईएलएफ से सी-130 विमान से ही अपने दौरे के दूसरे चरण के लिए गुवाहाटी रवाना होंगे। प्रधानमंत्री गुवाहाटी में 3,000 करोड़ रुपये की लागत से बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे जो गुवाहाटी को उत्तर गुवाहाटी से जोड़ेगा। छह लेन वाला यह पुल गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच निर्बाध संपर्क उपलब्ध कराएगा, क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा, भूकंपीय सुरक्षा को बेहतर बनाएगा और राज्य राजधानी क्षेत्र में विकास को गति देगा।

'हाइपरस्केल डेटा’ केंद्र का भी उद्घाटन

मोदी निकटवर्ती लचित घाट से भारतीय प्रबंधन संस्थान-गुवाहाटी (आईआईएम-गुवाहाटी) के अस्थायी परिसर और कृत्रिम मेधा (एआई) सक्षम 'हाइपरस्केल डेटा’ केंद्र का भी डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि आईआईएम-गुवाहाटी के उद्घाटन से असम शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाएगा और उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो जाएगा जिनमें अगली पीढ़ी की जरूरतों को पूरा करने के लिए आईआईटी, आईआईएम, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और अन्य सभी अग्रणी संस्थान होंगे।

गुवाहाटी के लिए 100 EV भी रवाना करेंगे PM

गुवाहाटी स्थित राष्ट्रीय डेटा केंद्र क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अवसंरचना की रीढ़ बनेगा और 'क्लाउड फर्स्ट' दृष्टिकोण अपनाकर यह ई-गवर्नेंस पहलों की क्षमता बढ़ाएगा तथा सुरक्षित डिजिटल सेवाएं सुनिश्चित करेगा। प्रधानमंत्री इसी स्थल से गुवाहाटी के लिए 100 विद्युत वाहन (ईवी) को भी रवाना करेंगे। मोदी यहां भाजपा के बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करने के बाद असम दौरे का समापन करेंगे और दिल्ली रवाना होंगे। इस बीच, असम के मुख्य सचिव रवि कोटा और पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का आकलन करने के लिए एक संयुक्त समीक्षा बैठक की।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article