देश

महिला आरक्षण पर BJP का संग्राम, विपक्ष को एक्सपोज करने का बड़ा प्लान; PM मोदी ने कहा-भुगतेंगे परिणाम

सूत्रों के हवाले से पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने से जुड़े विधेयक का समर्थन न करने के लिए कांग्रेस और अन्य दलों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी और उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से जनता के बीच विपक्ष की "महिला-विरोधी" मानसिकता उजागर करने को कहा।

Image

पीएम मोदी

दिल्ली : लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पास नहीं होने पर भारतीय जनता पार्टी प्रदर्शन मोड पर है। पूरे विपक्ष समेत राहुल गांधी के खिलाफ लामबंदी का प्लान तैयार किया जा रहा है। जहां, दिल्ली में वरिष्ठ भाजपा सांसद हेमा मालिनी समेत कई महिला सांसद और मंत्रियों का विरोध जारी है तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों को बड़े निर्देश देते हुए विपक्ष को एक्सपोज करने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के हवाले से पीएम ने कहा कि महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने से जुड़े विधेयक का समर्थन न करने के लिए कांग्रेस और अन्य दलों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी और उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से जनता के बीच विपक्ष की 'महिला-विरोधी' मानसिकता उजागर करने को कहा।

मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री ने 2029 के लोकसभा चुनावों में महिला आरक्षण लागू कराने के प्रति अपनी सरकार के समर्थन और प्रतिबद्धता को दोहराया। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने के पक्ष में मतदान न करके विपक्ष ने बड़ी गलती की है और इसका समर्थन न करने के राजनीतिक परिणाम उसे भुगतने होंगे।

बताया जाता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कैबिनेट सहयोगियों से कहा कि वे इस मुद्दे को जमीनी स्तर तक, गांव-गांव तक पहुंचाएं और विपक्ष की 'महिला-विरोधी' मानसिकता को उजागर करें।

सूत्रों ने बताया कि मोदी ने मंत्रियों से अपने सोशल मीडिया मंचों पर भी विपक्ष के खिलाफ संदेश प्रसारित करने को कहा है। महिला आरक्षण कानून को लागू करने से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक शुक्रवार को लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका और पारित नहीं हो पाया। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा में इस तरह का रुख अपनाने के बाद विपक्षी दल अब अपने कदम को सही ठहराने और उसे छिपाने के प्रयास कर रहे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article