असम में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, इससे पहले आज पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर के राज्य को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को उन्होंने संबोधित भी किया। गुवाहाटी में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले से लेकर भाजपा सरकार के फैसलों और विकास परियोजनाओं को भी गिनाया। साथ ही विपक्षी कांग्रेस पर भी करारे हमले किए। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जो कांग्रेस असम के विकास के लिए पैसे देने से भी बचती हो, वह कांग्रेस क्या असम का विकास कर सकती है?
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना। (फोटो- पीटीआई)
गुवाहाटी में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भाजपा जहां पहुंची है उसका श्रेय अगर किसी को मिलता है तो वह सिर्फ और सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं को मिलता है। हमारा विश्वास संगठन में है, हम राष्ट्र जीवन में परिवर्तन का आधार संगठन की शक्ति मानते हैं और इसलिए इतनी बड़ी तादाद में जमीन की जड़ों से जुड़े कार्यकर्ताओं का दर्शन करना अपने आप में बहुत बड़ा सौभाग्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करता है, उसके कारण भाजपा आगे बढ़ती है। मैं गर्व से कहता हूं कि मेरे जीवन की सबसे गौरवपूर्ण बात यही है कि नरेंद्र मोदी भाजपा का कार्यकर्ता है।
पूर्वोत्तर हमारे लिए अष्टलक्ष्मी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही देश का बजट आया है। बजट के बाद असम, पूर्वोत्तर का मेरा यह पहला दौरा है। जिस पूर्वोत्तर को कांग्रेस ने हमेशा नजरअंदाज किया हम उस पूर्वोत्तर की भक्ति भाव से सेवा कर रहे हैं। पूर्वोत्तर हमारे लिए अष्टलक्ष्मी है, इस वर्ष का बजट अष्टलक्ष्मी के लिए भाजपा, NDA के विजन को और मजबूती देने वाला है। बजट में बहुत अधिक फोकस पूर्वोत्तर को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय असम को कैसे पाई-पाई के लिए तरसा कर रखा जाता था। कांग्रेस के समय असम को टैक्स के हिस्से के रूप में सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपये मिलते थे। अब भाजपा सरकार में असम को कांग्रेस सरकार के मुकाबले 5 गुना ज्यादा रुपये मिल रहे हैं। अगर मैं पिछले 11 वर्षों की बात करूं तो असम को तमाम विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से साढ़े 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो कांग्रेस असम के विकास के लिए पैसे देने से भी बचती हो, वह कांग्रेस क्या असम का विकास कर सकती है?... यहां के युवाओं, किसानों, गांवों का भला कर सकती है?... इस साल के बजट में पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी को और बेहतर करने का प्रयास किया गया है..."
असम दौरे पर पीएम मोदी।
आप सभी की मेहनत से भाजपा सरकार बनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि असम का इतना विकास इसलिए हो रहा है क्योंकि यहां आप सभी की मेहनत से भाजपा सरकार बनी है। यहां के नागरिकों ने भाजपा पर भरोसा किया है। आपने मेरा बूथ, सबसे मजबूत की भावना से बूथ-बूथ जाकर, एक-एक परिवार, एक-एक मतदाता को मिलकर भाजपा के हर समर्थक को अपने साथ जोड़ा है। उन्हें उनके वोट की ताकत का परिचय कराया और इसी प्रयास से असम में भाजपा सरकार बनी..."
इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप को बताया भारत की सुरक्षा का प्रतीक, पुलवामा हमले का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश को सिर्फ एक और इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप नहीं मिली है यह इस बात का भी प्रमाण है कि नया भारत अपनी सुरक्षा के लिए हर तरह से तैयार हो रहा है। आज का भारत न सिर्फ अपनी सीमाओं को सशक्त कर रहा है बल्कि देश के दुशमनों को उनके घर में घुसकर जवाब भी देता है। आज पुलवामा हमले की बरसी है, मैं इस हमले में जान गंवाने वाले मां भारती के वीर सपूतों को नमन करता हूं। इस आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह आतंकियों को सजा दी वह पूरी दुनिया ने देखा है और कुछ लोग तो आज भी कांप रहे हैं। अभी आपने भारत की शक्ति ऑपरेशन सिंदूर में भी देखी है।
डिब्रूगढ़ में पीएम मोदी ने किया रोड शो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि क्या कभी कांग्रेस में देश हित में इतने हिम्मत के साथ फैसले करने की ताकत थी? वे ज्यादा से ज्यादा बयान दे सकते हैं, कुछ नहीं कर सकते। जो कांग्रेस भारत को राष्ट्र मानने से इनकार करती है, जो सवाल करते हैं मां भारती क्या होती है? जो मां भारती के नाम तक से परहेज करते हों, जो मां भारती के प्रति जरा सा सम्मान नहीं दिखाते, वह कांग्रेस कभी भारत का भला नहीं कर सकती। इसलिए कांग्रेस ने कभी देश की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी।
कांग्रेस पर लगाया घोटाले का आरोप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में जब भी सेना के लिए हथियार खरीदे गए तो उसका मतलब होता था हजारों करोड़ का घोटाला। आज देश अपनी सेनाओं को मजबूत कर रहा है। भारत अपनी सीमाओं पर शानदार हाईवे, शानदार टनल, ऊंचे-ऊंचे ब्रिज बना रहा है, देश की सुरक्षा बढ़ा रहा है इसलिए कांग्रेस बौखलाई हुई है। आज की कांग्रेस हर उस विचार, हर उस आतंकी को कंधे पर बैठाती है जो देश का बुरा सोचता है, जो लोग देश के टुकड़े-टुकड़े करने का सपना देखते हैं, जो लोग पूर्वोत्तर को भारत से अलग करने के नारे लगाते हैं वह कांग्रेस के लिए पूजनीय बन चुके हैं। आजादी के समय मुस्लिम लीग ने देश का बंटवारा कराया, आज की कांग्रेस मुस्लिमी लीगी माओवादी कांग्रेस बनकर फिर देश बांटने में जुट गई है। यह MMC है, इसलिए आपको कांग्रेस से सावधान रहना है।
कांग्रेस ने असम को हमेशा वोट के चश्मे से ही देखा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के दशकों के कुशासन की सबसे बड़ी वजह रही है कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति, वोट बैंक राजनीति। कांग्रेस ने असम को हमेशा वोट के चश्मे से ही देखा और हर वह काम किया जिससे तुष्टीकरण को बढ़ावा मिले और हर वह काम रोका जिससे असम का विकास हो। कांग्रेस के समय केंद्र सरकार की योजनाओं को असम पहुंचने में भी बरसों लग जाते थे लेकिन भाजपा ने असम, पूर्वोत्तर के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने असम को अशांत रखा, हिंसा और अलगाव में रखा। आजादी के बाद से ही असम बम, बंदूक, बंद ब्लॉकेड और कर्फ्यू की चपेट में रहा और इसकी गुनहगार कांग्रेस ही थी... भाजपा, NDA सरकार असम में शांति बहाली और तेज विकास का संकल्प लेकर चल रही है। इसलिए जो असम कभी बम धमाकों से गूंजता था उसी असम में अब शांति स्थापना हो रही है।
