देश

PM मोदी ने कतर के अमीर शेख से की बात, बोले- फादर अमीर की विरासत दोनों देशों का करती रहेगी मार्गदर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की। इस दौरान उन्होंने फादर अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की। इस दौरान, उन्होंने फादर अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की और 'फादर अमीर' शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। भारत के प्रति उनके गहरे लगाव, कतर में रहने वाले भारतीय समुदाय के प्रति उनका स्नेह और भारत-कतर संबंधों को मजबूत करने की उनकी अटूट प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि फादर अमीर की स्थायी विरासत हमारे दोनों देशों का मार्गदर्शन करती रहेगी, क्योंकि हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत कर रहे हैं।

केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को कतर के अमीर के पिता के निधन पर भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से शोक संदेश पहुंचाने के लिए भेजा था।

संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रिजिजू 14 जुलाई को भारत की ओर से शोक व्यक्त करने दोहा गए।

कौन थे कतर के पूर्व अमीर

कतर के पूर्व अमीर (शासक) शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का 12 जुलाई को निधन हो गया है। वह 74 वर्ष के थे। शेख हमद ने अपने शासनकाल में फारस की खाड़ी के छोटे से देश कतर को कूटनीति, मीडिया और निवेश के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली देश बनाया और फिर अपने बेटे को स्वेच्छा से सत्ता सौंपकर परंपरा को तोड़ा।

कतर के 18 वर्ष तक अमीर रहे शेख हमद ने जून 2013 में पद छोड़ दिया था। वह ऊर्जा संसाधनों से समृद्ध कतर को एक पीढ़ी से भी कम समय में एक अपेक्षाकृत पिछड़े देश से अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों के प्रमुख केंद्र में बदलने की महत्वाकांक्षी योजना के सूत्रधार थे। लंदन स्थित प्रसिद्ध 'हैरोड्स' डिपार्टमेंट स्टोर का स्वामित्व कतर के पास है और इसी देश ने प्रभावशाली उपग्रह समाचार नेटवर्क 'अल जजीरा' की स्थापना की।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article