देश

Modi in Bihar: इशारों-इशारों में लालू पर बरसे पीएम मोदी, बोले- डर पैदा करने वालों को...

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 2, 2024, 05:02 PM IST

Bihar News: पीएम मोदी ने इशारों-इशारों में लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में अब फिर से डबल इंजन की सरकार है। बिहार में राजग सरकार ने वंशवादी शासन को हाशिये पर धकेल दिया है। वहीं नीतीश कुमार ने मोदी को आश्वासन दिया कि 'मैं हमेशा राजग के साथ रहूंगा।'

Image

लालू-राबड़ी पर बरसे पीएम मोदी।

Photo : Twitter

PM Modi Slams Lalu Yadav: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गठबंधन पर इशारों-इशारों में निशाना साधते हुए दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने वंशवादी शासन में शामिल और लोगों के मन में डर पैदा करने वालों को हाशिये पर धकेल दिया है। उन्होंने लालू यादव और राबड़ी देवी के कार्यकाल का भी जिक्र किया और जमकर जुबानी हमला बोला।

बिहार में अब फिर से डबल इंजन की सरकार

प्रधानमंत्री मोदी ने औरंगाबाद जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करना उनकी ‘गारंटी’ है कि बिहार में विकास हो, कानून का शासन हो और यहां की महिलाएं भय से मुक्त रहें और अपने तीसरे कार्यकाल में भी वह इस दिशा में काम करना जारी रखेंगे। भाजपा नीत राजग में शामिल होने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए मोदी ने कहा, 'बिहार में अब फिर से डबल इंजन की सरकार है। राजग ने बिहार में राजनीतिक परिवारवाद को हाशिए पर धकेल दिया है।'

लालू-राबड़ी के कार्यकाल का मोदी ने किया जिक्र

मोदी ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा, 'बिहार की पिछली पीढ़ी भय में जीने को मजबूर थी। इतने सारे युवा पलायन करने को मजबूर हो गए। हमें उस दौर को फिर से वापस नहीं आने देना चाहिए।' रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, 'बिहार का विकास मोदी की गारंटी है। कानून का शासन मोदी की गारंटी है। हमारी बेटियों और बहनों का सम्मान बरकरार रहे, यही मोदी की गारंटी है। हम अपने तीसरे कार्यकाल में भी इस दिशा में काम करना जारी रखेंगे।'

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष के शीर्ष नेता आगामी लोकसभा चुनाव का सामना करने से ‘डरे हुए’ हैं और संसद में प्रवेश के लिए राज्यसभा का रास्ता तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया जाना पूरे बिहार के लिए सम्मान की बात है।

CM नीतीश कुमार ने मोदी को दिया आश्वासन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आश्वासन दिया कि वह हमेशा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ बने रहेंगे। औरंगाबाद जिले में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 21,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के अनावरण समारोह के अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा, 'मुझे विश्वास है कि राजग गठबंधन आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतेगा। मैं आपको (प्रधानमंत्री) भरोसा दिलाता हूं कि अब मैं हमेशा राजग में रहूंगा।'

कुमार ने पिछले महीने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन को छोड़ अपने पुराने सहयोगी भाजपा नीत राजग में लौट आए थे। कुमार ने कहा, 'हम बिहार में आपका (प्रधानमंत्री मोदी) स्वागत करते हैं। बिहार में खूब विकास हो रहा है। मुझे विश्वास है कि अब चीजें तेजी से आगे बढ़ेंगी और राज्य विकास की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। प्रदेश के लोग अब आर्थिक रूप से अधिक सशक्त महसूस करेंगे।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article