India US Relation: भारत-यूएस रिश्ते और 'अपनी दोस्ती' पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जवाब दिया। X पर अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि 'हमारे संबंधों का सकारात्मक मूल्यांकन करने वाली अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के भावनाओं का मैं आदर करता हूं।' पीएम ने कहा कि 'भारत और अमेरिका के बीच बहुत ही सकारात्मक एवं भविष्योन्मुखी और वैश्विक रणनीतिक भागीदारी है।'
ट्रंप ने क्या कहा...
पीएम मोदी के साथ मेरी मित्रता हमेशा बनी रहेगी। वह एक महान प्रधानमंत्री हैं लेकिन अभी जो कुछ वह कर रहे हैं, उसे मैं पसंद नहीं करता हूं लेकिन भारत और अमेरिका के बहुत ही खास रिश्ते हैं। इसके बारे में कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है। कभी-कभी इस तरह की चीजें हो जाती हैं।'
चीन के हाथों हमने भारत-रूस को खो दिया है-ट्रंप
भारत और अन्य देशों के साथ चल रही व्यापार वार्ता के सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि डील पर बातचीत चल रही है। हालंकि, गूगल पर ईयू द्वारा लगाए गए जुर्माने पर उन्होंने अपनी नाखुशी जाहिर की। भारत के साथ व्यापार समझौता अभी नहीं हो पाया है। कृषि एवं डेयरी सेक्टर को लेकर गतिरोध बना हुआ है। दरअसल, ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर अपने एक पोस्ट में कहा कि 'रूस और भारत को यूएस ने चीन के हाथों खो दिया है। ये दोनों देश गहरे एवं अंधेरे चीन के पास चले गए हैं।'
रूस से तेल खरीदने पर मुझे निराशा हुई-ट्रंप
ट्रंप ने यह भी कहा कि वह इस बात से बहुत निराश हैं कि भारत रूस से ‘इतना ज्यादा’ तेल खरीद रहा है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक सवाल के जवाब में कहा, ‘मुझे इस बात से बहुत निराशा हुई है कि भारत रूस से इतना तेल खरीदेगा और मैंने उन्हें यह बता दिया है। हमने भारत पर बहुत ज्यादा शुल्क लगाया है, 50 प्रतिशत शुल्क, बहुत ज्यादा शुल्क। मेरे (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी से बहुत अच्छे रिश्ते हैं, वह बहुत अच्छे हैं। वह कुछ महीने पहले यहां आए थे।’
मोदी की एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की
ट्रंप से पूछा गया था कि क्या अमेरिका ने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पोस्ट में कहा, ‘लगता है हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। ईश्वर करे कि उनका भविष्य दीर्घकालिक और समृद्ध हो।’ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के नेता शी चिनफिंग के साथ मोदी की एक पुरानी तस्वीर भी पोस्ट की थी।
