PM मोदी ने विरोधियों को कहा 'नाराज फूफा', बोले- भूपेन हजारिका के गाने सुनो, सद्बुद्धि आएगी

Bhupen Hazarika Birth Centenary: भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि आज का युवा स्टार्टअप बना रहा है और अंतरिक्ष में रॉकेट लॉन्च कर रहा है। कृषि, वित्त, खेल और विज्ञान में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। हर भारतीय की मेहनत देश की प्रगति को दिशा दे रही है।

Bhupen Hazarika Birth Centenary: भारत मंडपम में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा तंज कसा। पीएम मोदी ने विरोधियों को 'नाराज फूफा' कहकर संबोधित किया और कहा कि उन्हें भूपेन हजारिका के गाने बार-बार सुनने चाहिए, शायद सद्बुद्धि आ जाए। पीएम मोदी ने कहा, "हम सभी भारतीय विकसित भारत के संकल्प के साथ निकले हैं। भाषाएं, खानपान और रहन-सहन अलग हो सकते हैं, लेकिन हमारा संकल्प एक है - विकसित भारत का निर्माण।"

PM Modi (6)

प्रधानमंत्री मोदी (फोटो साभार- PTI)

भूपेन हजारिका समारोह में PM ने विरोधियों पर कसा तंज

पीएम मोदी ने आगे कहा, "हां, यह बात उन लोगों को पसंद नहीं आती, जो कलह के जरिए सत्ता का सपना देखते हैं, जो भारत को टुकड़ों में देखते हैं और देश की उपलब्धियों पर नाराज फूफा की तरह घूमते हैं। मैं कहूंगा कि ऐसे 'नाराज फूफा' को भूपेन दा के गाने बार-बार सुनने चाहिए, शायद सद्बुद्धि आ जाए।" पीएम मोदी का यह बयान समारोह में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने कहा कि भूपेन दा ने भारत की भावनाओं को आवाज दी और भारत के सपनों को अपने गीतों में पिरोया। वह कट्टर राष्ट्रवादी और सच्चे देशभक्त थे। उन्होंने कहा कि भूपेन दा ने युवाओं से आह्वान किया था कि जब भी देश पर अंधकार और चुनौतीपूर्ण समय आए, तो मातृभूमि के लिए सब कुछ बलिदान करने के लिए तैयार रहें।

पीएम मोदी ने इस मौके पर देश की प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा स्टार्टअप बना रहा है और अंतरिक्ष में रॉकेट लॉन्च कर रहा है। कृषि, वित्त, खेल और विज्ञान में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। हर भारतीय की मेहनत देश की प्रगति को दिशा दे रही है। उन्होंने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 50 साल में 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। यही 'सबका साथ, सबका विकास' मंत्र की ताकत है। पीएम मोदी ने असम को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि पिछले कुछ वर्षों में असम में हजारों लोगों ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है और मानवता, विकास और विश्वास का नया रास्ता चुना है।

असम की संस्कृति की तारीफ

समारोह के दौरान पीएम मोदी ने असम की संस्कृति की भी तारीफ की। उन्होंने बोडो समुदाय के बागुरुम्बा नृत्य और चाय बागानों के कलाकारों के झुमुर नृत्य का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब झुमुर की प्रस्तुति हुई, तो इस 'चायवाले' को स्वाभाविक रूप से बहुत खुशी हुई। पीएम ने बताया कि असम सरकार ने भूपेन हजारिका जी की स्मृति में एक नया पुरस्कार शुरू किया है और इस शुभ शुरुआत में उषा मंगेशकर को सम्मानित किया गया है।

End Article
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखत...

End of Feed