PM Modi Putin Friendship: पीएम मोदी और पुतिन की फ्रेंडशिप की एक और शानदार झलक दिखी है। दरअसल, बिश्केक में एससीओ समीट से पहले द्विपक्षीय वार्ता के बाद पीएम नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, नोमैड गेम्स इवेंट के लिए एक ही कार से रवाना हुए। दोनों नेताओं ने छठे विश्व नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि दोनों नेताओं के बीच दोस्ती कितनी गहरी है।
इससे पहले जब पिछले साल दिसंबर में पुतिन भारत आए थे तो उस दौरान भी दोनों नेताओं ने एक कार में यात्रा की थी। रूस के राष्ट्रपति को एयरपोर्ट पर रिसीव करने के बाद पीएम मोदी उन्हें अपनी व्हाइट फॉर्च्यूनर में बैठाकर आवास पर ले गए थे।
दोनों नेताओं के बीच हुई 30 मिनट तक बातचीत
इससे पहले दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बातचीत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पिछले वर्ष आपकी भारत यात्रा बेहद सफल और वास्तव में यादगार रही। यह हमारे लिए अत्यंत संतोष की बात है कि हमारा सहयोग नई ऊंचाइयों को छू रहा है और हम दोनों देशों के लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ना हमारा साझा दृष्टिकोण रहा है, और यह भविष्य में भी हमारा मार्गदर्शक सिद्धांत बना रहेगा।"
वहीं, पुतिन ने कहा कि मुझे यह देखकर संतोष हो रहा है कि विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी के सिद्धांतों के आधार पर रूस-भारत संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। माननीय प्रधानमंत्री जी, रूस-भारत संबंधों पर आपके विशेष ध्यान और हमारे बीच स्थापित व्यापारिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों से इसमें काफी मदद मिली है। इसके लिए मैं आपका बहुत आभारी हूं।
यह वार्ता पुतिन के सालाना ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आने से एक हफ्ते से भी कुछ समय पहले हुई। बैठक से पहले, अधिकारियों ने बताया था कि बातचीत में भारत-रूस के बीच सहयोग के पारंपरिक क्षेत्रों, जैसे रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और निवेश पर चर्चा होगी। दोनों पक्षों के बीच रूस-यूक्रेन संघर्ष और पश्चिम एशिया संकट पर भी चर्चा होने की संभावना जताई गई थी।
