PM Modi in Amaravati: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में 58,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।जिसमें नए राजधानी शहर अमरावती का निर्माण फिर से शुरू करना भी शामिल है, जो आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू का 'ड्रीम प्रोजेक्ट' है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो साभार: @BJP4India)
प्रधानमंत्री ने 94 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनमें राजधानी शहर के संस्थान, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे उन्नयन और रक्षा संबंधी प्रतिष्ठान शामिल हैं। अमरावती के निर्माण को फिर से शुरू करने के हिस्से के रूप में, प्रधानमंत्री ने 49,000 करोड़ रुपये की 74 परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिसमें विधानसभा, सचिवालय और हाई कोर्ट भवनों और न्यायिक आवासीय क्वार्टर के साथ-साथ 5,200 परिवारों के लिए आवासीय भवनों का निर्माण शामिल है।
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
उन्होंने बुनियादी ढांचे और बाढ़ शमन परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिसमें नए राजधानी शहर में भूमिगत उपयोगिताओं और उन्नत बाढ़ प्रबंधन प्रणालियों के साथ 320 किलोमीटर लंबा विश्व स्तरीय परिवहन नेटवर्क शामिल है। इस मौके पर उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह अमरावती को सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एक पूरे हुए सपने के रूप में देखते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अमरावती एक ऐसी जगह है, जहां विरासत और विकास एक साथ चलते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में न तो सपने देखने वालों की कमी है और ना ही सपनों को साकार करने वाले कम हैं। उन्होंने कहा कि मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं आज आंध्र प्रदेश सही राह पर चल रहा है। आंध्र ने सही स्पीड पकड़ ली है। अब उस रफ्तार को लगातार तेज करते रहना है और मैं कह सकता हूं कि चंद्रबाबू ने तीन साल में अमरावती के निर्माण का जो सपना देखा है, यह गतिविधि आंध्र प्रदेश की जीडीपी को कहां से कहां पहुंचा देगी। मैं साफ देख रहा हूं।
