देश

'अमृतसर से काशी का सफर होगा आसान', पंजाब में कांग्रेस-AAP पर भी बरसे PM मोदी, संबोधन की पढ़ें बड़ी बातें

PM Modi Punjab Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब में रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनमें 5,470 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में जनसभा को किया संबोधित

Photo : Times Now Digital
  • PM Modi Punjab Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब में रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनमें 5,470 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। इस दौरान, उन्होंने जालंधर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब की सत्ता में भले ही भाजपा नहीं है, लेकिन केंद्र सरकार ने राज्य के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है।
  • देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत

    पीएम मोदी ने कहा कि आज मुझे जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू करने का अवसर मिला है। आज जींद में ही मुझे कुरुक्षेत्र में एक भव्य सिख म्यूजियम के शिलान्यास का सौभाग्य मिला है। यह म्यूजियम गुरु परंपरा को, गुरुओं के ज्ञान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। यह गुरुओं की शिक्षाओं, उनके बलिदान और सेवा की परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाला सेवाकेंद्र बनेगा।

    अमृतसर से काशी का सफर होगा आसान

    पीएम मोदी ने कहा, ''जालंधर से कई नई रेल सेवाओं की शुरुआत की गई है। अमृतसर से काशी के बीच भी रेल सेवाएं शुरू हुई है। इससे गुरू रविदास जी के भक्तों के लिए पंजाब से काशी जाना और अधिक आसान हो जाएगा। आज दौलतपुर चौक और करतौली के बीच नई लाइन भी शुरू हुई है। करतौली से अंबाला के बीच नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई है।''

    उन्होंने कहा कि आज ही लुधियाना बायपास का शिलान्यास, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक सेक्शन का लोकार्पण हुआ है। मैं ऐसी हर परियोजना के लिए देशवासियों को और खासतौर पर पंजाब के भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

    पंजाब में भाजपा की नहीं है सरकार

    पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज, भारत सरकार पूरे देश में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठा रही है। पंजाब में भी ऐसी कई परियोजनाएं लागू की जा रही हैं। हालांकि, पंजाब में भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन राज्य के विकास के लिए हमारा कमिटमेंट पक्का है। केंद्र में भाजपा की राजग सरकार राज्य के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

    स्वच्छता से स्वागत पहल

    उन्होंने कहा कि आज मैं विशेष रूप से जालंधर के लोगों की सराहना करूंगा, जिन्होंने स्वच्छता से स्वागत पहल के माध्यम से इस कार्यक्रम को और सार्थक बना दिया है। गुरू रविदास जी ने समरसता और सामूहिक प्रयास का, जो संदेश दिया था, उसे आप लोगों ने अपने व्यवहार में जीवंत किया है। यह अभियान कर्तव्य भावना का भी उत्तम उदाहरण बन रहा है।

    PM ने सरदार तेजा सिंह समुंदरी को श्रद्धांजलि दी

    पीएम मोदी ने कहा कि मैं इस मंच से पंजाब के महान सपूत सरदार तेजा सिंह समुंदरी जी को अपनी श्रद्धांजलि देता हूं। आज उनका 100वां शहादत दिवस है। उन्होंने अंग्रेजी शासनकाल में सिख हितों की रक्षा के लिए अनेक आंदोलन किए। सरदार तेजा सिंह जी ने अपना पूरा जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित कर दिया। आज से शुरू हो रहे उनके शहादत दिवस कार्यक्रमों से लोगों को प्रेरणा मिलेगी।

    नागरिक देवो भव:

    पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की भी प्राथमिकता है- देश के हर नागरिक की सेवा और उनका जीवन आसान बनाना। साथ ही उन्हें नए-नए अवसर उपलब्ध कराना, इसलिए हम नागरिक देवो भव: मंत्र पर चल रहे हैं। गरीब, मिडिल क्लास परिवारों को अच्छी से अच्छी सुविधा मिले... यह हमारी कोशिश है और नागरिक देवो भव: का भाव हमारे काम में दिखता है।

    कांग्रेस पर बरसे PM मोदी

    पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय रेल गरीब और मिडिल क्लास परिवारों की सवारी है, लेकिन 2014 से पहले तक रेलवे की क्या स्थिति थी ये आप अच्छे से जानते हैं। कांग्रेस सरकार नई ट्रेनों की झूठी घोषणा करके आराम से बैठ जाती थी। हमारे रेलवे स्टेशनों को कांग्रेस ने अपने हाल पर छोड़ दिया था। अंग्रेजों के जमाने में जो स्टेशन बने थे उनकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं था।

    1300 से ज्यादा स्टेशनों को बनाया जा रहा आधुनिक

    पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय रेल का नेटवर्क इतना विशाल है कि रोज उसमें जितने यात्री सफर करते हैं, उतने तो कई देशों की आबादी भी नहीं है। रेलवे के विकास के जो काम आज हो रहे हैं, वह 30-40 वर्ष पहले हो जाने चाहिए थे, लेकिन पहले की सरकारों की प्राथमिकता में यह काम था ही नहीं। गरीब और मिडिल क्लास को भी सुविधा चाहिए, इनके समय का भी मूल्य है... यह पहले की सरकारें चर्चा भी नहीं करती थी। ऐसी सोच से विकसित भारत नहीं बन सकता था, इसलिए भाजपा सरकार ने स्थितियों को बदलना शुरू किया।

    उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। अमृत भारत स्कीम के तहत 1300 से ज्यादा रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाया जा रहा है। इनमें से कई स्टेशनों पर काम पूरा हो चुका है। आज ऐसे ही 75 स्टेशनों का लोकार्पण किया गया है।

    पंजाब के पुलिस थाने भी सुरक्षित नहीं

    पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब में आज क्या हो रहा है, ये किसी से छिपा नहीं है। यहां विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाई जा रही है। आज पंजाब में कानून-व्यवस्था बेहाल है। कब कहां गैंगवॉर हो जाए, किस दिशा से गोलियां चलने लगें, कोई कह नहीं सकता। यहां व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो गया है। सरेआम लोगों से फिरौती मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं है, आए दिन थानों पर अटैक होते हैं और सबसे दुखद तो ये है कि पंजाब का भविष्य भी बर्बाद किया जा रहा है। नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं, पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है।

    AAP पर बरसे पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी पर परोक्ष हमला करते हुए कहा कि जनता की सेवा का काम साफ नीयत से होता है, ईमानदारी की भावना से होता है। लेकिन आज जो पार्टी पंजाब में सरकार में है, उसकी ना नीयत साफ है और ना ही वो ईमानदार है। उसकी पहचान ही कट्टर बेईमान पार्टी की है।

    उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में कांग्रेस में कुर्सी का किस्सा ही खत्म नहीं होता। ये इसलिए नहीं लड़ रहे कि पंजाब का हित कैसे होगा, इनकी लड़ाई इसलिए है कि इनकी जो कुर्सी है, वो किसके पास रहेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में असली बदलाव भाजपा ही ला सकती है। पंजाब को विकसित, आत्मनिर्भर बनाने का काम भाजपा ही करेगी। पंजाब में नया निवेश आए, पंजाब में रोजगार के नए अवसर बनें, पंजाब में बने प्रोडक्ट दुनिया के कोने-कोने में पहुंचे, ये काम भाजपा ही करेगी।

    Anurag Gupta
    अनुराग गुप्ताauthor

    अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

    और पढ़ें
    End of Article