Punjab Flood Situation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार की शाम जैसे ही चीन से वापस नई दिल्ली पहुंचे, उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को फोन मिलाया और बारिश और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति पर बात की। सरकारी सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।
PM मोदी ने CM मान को मिलाया फोन
समाचार एजेंसी एएनआई ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि दिल्ली पहुंचते ही पीएम मोदी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात की और पंजाब में बारिश और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने राज्य को हरसंभव मदद और सहयोग का आश्वासन दिया। बता दें कि पंजाब के 9 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं।
कॉलेज, विश्वविद्यालयों को किया बंद
पंजाब सरकार ने राज्य भर में लगातार बारिश के मद्देनजर सभी कॉलेज, विश्वविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों को तीन सितंबर तक बंद करने की सोमवार को घोषणा की। राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पिछली रात से पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सभी कॉलेज, विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक संस्थान तीन सितंबर 2025 तक तत्काल प्रभाव से बंद रहेंगे।’’
बैंस ने कहा, ‘‘छात्रावासों में रह रहे छात्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की है। सभी से अनुरोध है कि स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।’’ राज्य सरकार ने राज्य में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी विद्यालयों को बंद रखने की अवधि तीन सितंबर तक बढ़ा दी थी।
