Waves Conference 2025: भारत के पहले वैश्विक ऑडियो-विजुअल और मनोरंजन (वेव्स) शिखर सम्मेलन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर (Jio World Centre) में उद्घाटन किया। इस वेव्स सम्मेलन की मेजबानी महाराष्ट्र सरकार कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार उपस्थित रहे। पीएम मोदी ने वेव्स के उद्धाटन समारोह में कहा कि भारत के पास देने के लिए बहुत कुछ है।
पीएम मोदी ने वेव्स 2025 का किया उद्घाटन।
वेव्स सम्मेलन में क्या बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी?
पीएम मोदी ने मुंबई में वेव्स सम्मेलन में कहा कि प्रतिभा और रचनात्मकता के वैश्विक परिवेशी तंत्र की आधारशिला रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘वेव्स’ केवल शब्द-संक्षेप नहीं है; यह संस्कृति, रचनात्मकता, फिल्म संगीत, गेमिंग, कहानी कहने की शैली की एक लहर है।
वेव्स 2025 में पीएम मोदी ने कहा, 'पिछली शताब्दी में भारतीय सिनेमा दुनिया के हर हिस्से में भारत को लोकप्रिय बनाने में सफल रहा है। यह रूस में राज कपूर की लोकप्रियता, कान्स में सत्यजीत रे की लोकप्रियता और ऑस्कर में आरआरआर की सफलता से स्पष्ट है।'
भारत के पास देने के लिए बहुत कुछ है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वेव्स सम्मेलन पहले ही क्षण से दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है। भारत के पास देने के लिए बहुत कुछ है; एक अरब से अधिक आबादी वाला देश होने के अलावा यह एक अरब से अधिक कहानियों का देश भी है।
संगीतमय प्रस्तुति के साथ 'वेव्स' की हुई शुरुआत
पहला ‘विश्व दृश्य-श्रव्य एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन’ (वेव्स) बृहस्पतिवार को यहां अकादमी पुरस्कार विजेता एम एम केरावनी की संगीतमय प्रस्तुति के साथ प्रारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘वेव्स’ का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन का उद्देश्य दुनिया भर के रचनाकारों, स्टार्टअप, उद्योग जगत के दिग्गजों और नीति निर्माताओं को एक साथ लाकर भारत को मीडिया, मनोरंजन और डिजिटल नवाचार के एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
अभिनेता शाहरुख खान ने सम्मेलन में महाराष्ट्र के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्रियों अश्विनी वैष्णव, एस जयशंकर और एल मुरुगन तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं अजित पवार सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
क्या है वेव्स (Waves)
वेव्स 2025 सम्मेलन में 90 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 10000 से अधिक प्रतिनिधि, 1000 कलाकार, 300 से अधिक कंपनियां और 350 से अधिक स्टार्टअप्स भाग ले रहे हैं। इस शिखर सम्मेलन में कुल 42 मुख्य सत्र, 39 विशेष सत्र और 32 मास्टरक्लासेस आयोजित की जा रही हैं, जिनमें ब्रॉडकास्टिंग, इन्फोटेनमेंट, एवीजीसी-एक्सआर, फिल्म और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
