देश

दमन को सौगात: पीएम मोदी ने NAMO एयरपोर्ट और अस्पताल का किया उद्घाटन, अब विकास को मिलेगी नई उड़ान

PM Modi Daman Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र शासित प्रदेश दमन का दौरा कर वहां लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

Image

दमन दौरे पर पीएम मोदी का बड़ा बयान

Photo : ANI

PM Modi Daman Visit: केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव के विकास को एक नई रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दमन पहुंचे। यहां आयोजित एक विशाल जनसभा में जब प्रधानमंत्री मंच पर पहुंचे, तो स्थानीय जनता ने उनका बेहद भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी ने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगभग 2,970 करोड़ रुपये की कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने दमन को स्वास्थ्य और विमानन (एविएशन) के क्षेत्र में दो बड़े तोहफे दिए। उन्होंने दमन में नवनिर्मित और अत्याधुनिक 'नमो एयरपोर्ट' (NAMO Airport) के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया, जिससे यहां पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही, स्थानीय लोगों को उच्च स्तरीय इलाज मुहैया कराने के लिए उन्होंने 'नमो अस्पताल' (NAMO Hospital) का भी लोकार्पण किया।

पीएम मोदी को सुनने आया जनसैलाब

जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री थोड़े भावुक नजर आए। उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में आए लोगों का आभार जताते हुए कहा, "दमन आज 'मिनी इंडिया' (Mini India) का एक जीता-जागता उदाहरण बन चुका है। यहां देश के कोने-कोने से आकर लोग रहते हैं, जिससे यहां पूरे भारत की एक बेहद सुंदर तस्वीर दिखाई देती है।" पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि यहां के लोगों ने विकास के जो सपने दशकों पहले देखे थे, उन्हें पूरा होने में कई पीढ़ियां बीत गईं। लेकिन आज की पीढ़ी अपनी आंखों के सामने उन सपनों को हकीकत में बदलते देख रही है।

वैश्विक संकट के बीच भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था-पीएम मोदी

दमन की धरती से प्रधानमंत्री ने देश की आर्थिक सेहत को लेकर भी कई महत्वपूर्ण और उत्साहजनक आंकड़े साझा किए। पीएम मोदी ने कहा कि आज जो आर्थिक आंकड़े सामने आए हैं, वे साफ दर्शाते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था की नींव कितनी मजबूत है। वर्ष 2025-26 में भारत ने 7.7 प्रतिशत की शानदार विकास दर (Growth Rate) हासिल की है। वहीं, 31 मार्च को खत्म हुई पिछली तिमाही (Quarter) में भी देश की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही है।

प्रधानमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि भारत आज दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज़ गति से आगे बढ़ने वाला देश बन चुका है। जब पूरी दुनिया अनेक संकटों, चुनौतियों और अनिश्चितताओं से घिरी हुई है, ऐसे कठिन दौर में भी 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक प्रयासों के बल पर भारत मजबूती से खड़ा है। देश में चल रही "रिफॉर्म एक्सप्रेस", बुनियादी ढांचे का विकास, गरीब कल्याण की योजनाएं और विकासोन्मुखी नीतियां ही इस सफलता का मुख्य कारण हैं।

पीएम मोदी ने देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आर्थिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने का हमारा यह सफर थमेगा नहीं। दुनिया में चाहे कोई भी संकट हो, भारत "रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म" के मंत्र के साथ आगे बढ़ता रहेगा और यह देश की जनता को उनकी गारंटी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article