देश

छत्तीसगढ़ में 27 नक्सलियों के मारे जाने पर सुरक्षाबलों को PM ने दी बधाई, बोले-लोगों को शांतिपूर्ण जीवन देना हमारी प्रतिबद्धता

X पर अपने पोस्ट में पीएम ने कहा कि 'इस शानदार सफलता पर हमें अपने सुरक्षाबलों पर गर्व है। नक्सलवाद के अभिशाप को समाप्त करने और लोगों के शांतिपूर्ण एवं समृद्धिशाली जीवन के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।' नक्सलवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के तीन दशकों में यह पहली बार है कि महासचिव स्तर के किसी नेता को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है।

Image

नक्सलियों के मारे जाने पर पीएम ने सुरक्षाबलों को दी बधाई।

Chhattisgarh Naxali News : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में सीपीआई-माओवादी का टॉप कमांडर नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू सहित 27 नक्सलियों के मारे जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सुरक्षाबलों को बधाई दी। X पर अपने पोस्ट में पीएम ने कहा कि 'इस शानदार सफलता पर हमें अपने सुरक्षाबलों पर गर्व है। नक्सलवाद के अभिशाप को समाप्त करने और लोगों के शांतिपूर्ण एवं समृद्धिशाली जीवन के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।'

खूंखार नक्सलियों में शामिल था बसवराजू

इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि नक्सल आंदोलन के शीर्ष नेता और रीढ़, भाकपा-माओवादी का महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू बुधवार को छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए 27 खूंखार नक्सलियों में शामिल था। शाह ने यह भी कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के तीन दशकों में यह पहली बार है कि महासचिव स्तर के किसी नेता को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है।

‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’

गृह मंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, 'नक्सलवाद को खत्म करने की लड़ाई में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। आज, छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में एक अभियान में, हमारे सुरक्षा बलों ने 27 खूंखार माओवादियों को ढेर कर दिया है, जिनमें भाकपा-माओवादी का महासचिव, शीर्ष नेता और नक्सल आंदोलन की रीढ़ नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू भी शामिल है।' इस बड़ी सफलता के लिए बहादुर सुरक्षा बलों और एजेंसियों की सराहना करते हुए शाह ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ के पूरा होने के बाद छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में 54 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 84 अन्य ने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध है।’

अभुजमाड़ के घने जंगलों में हुई मुठभेड़

अधिकारियों ने बताया कि बसवराजू की उम्र करीब 70 साल थी। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिलों के त्रि-जंक्शन पर अभुजमाड़ के घने जंगलों में हुई। अभियान में नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव के डीआरजी कर्मी शामिल थे और यह दो दिन पहले शुरू किया गया था। माओवादियों की केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो के सदस्यों के साथ-साथ माड़ डिवीजन के वरिष्ठ कैडर और पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) के सदस्यों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर यह अभियान शुरू किया गया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article