प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की अपनी दो देशों की यात्रा पूरी की। इस दौरान उन्होंने कई राष्ट्र प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं और बिश्केक में सालाना एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया जहां उन्होंने आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने का आह्वान किया। किर्गिज राष्ट्रपति सादिर जापारोव और प्रधानमंत्री मोदी ने एक द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच पूरकता को ध्यान में रखते हुए आर्थिक और व्यावसायिक सहयोग को और बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने किर्गिस्तान के राष्ट्रपति को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत से जुड़ी एक खास भेंट दी। पीएम मोदी ने उन्हें प्रसिद्ध लेखक और अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय द्वारा अंग्रेजी में अनुवादित 10 खंडों वाली ‘महाभारत’ की प्रति भेंट की। यह उपहार भारत और किर्गिस्तान के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों की झलक भी पेश करता है।

पीएम मोदी ने किर्गिस्तान के राष्ट्रपति को अनुवादित 10 खंडों वाली ‘महाभारत’ की प्रति भेंट की।
10 खंडों में संपूर्ण महाभारत
बिबेक देबरॉय का अंग्रेजी अनुवाद महाभारत का संपूर्ण और बिना संक्षिप्त किया गया संस्करण प्रस्तुत करता है। इसमें महाभारत की मुख्य कथा के साथ-साथ इसके दार्शनिक विचार, वंशावलियां, संवाद और कई उप-कथाएं भी शामिल हैं।
परंपरागत रूप से महर्षि वेद व्यास द्वारा रचित माने जाने वाला महाभारत भारत की साहित्यिक, दार्शनिक और सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह महाकाव्य पांडवों और कौरवों की कहानी के माध्यम से धर्म, कर्तव्य, न्याय, नैतिकता, निष्ठा और शासन-कला जैसे विषयों पर गहराई से विचार करता है।
इसके अलावा, किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव को भारत की समृद्ध हिमालयी हस्तशिल्प परंपरा का प्रतिनिधित्व करने वाला लद्दाखी त्सुग-दुल कंबल भी भेंट किया। यह लद्दाख का पारंपरिक ऊनी वस्त्र है, जो अपने चमकीले रंगों और खूबसूरत ज्यामितीय, पुष्पीय तथा शैलीबद्ध डिजाइनों के लिए जाना जाता है।
प्रधानमंत्री आदिलबेक कासिमलियेव को क्या मिला गिफ्ट?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान के प्रधानमंत्री आदिलबेक कासिमलियेव को भारत की सदियों पुरानी धातु ढलाई कला और लोक संस्कृति की झलक पेश करने वाली ‘पारंपरिक संगीतकारों का जोड़ा’ नामक डोकरा कलाकृति भेंट की। यह कलाकृति भारतीय लोक जीवन और संगीत की समृद्ध परंपरा को दर्शाती है, जिसमें दो संगीतकारों को पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाते हुए दिखाया गया है।
उज्बेकिस्तान की यात्रा से जुड़ी अहम बातें
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को उज्बेकिस्तान का दौरा शुरू किया था। उज्बेक राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ बातचीत के बाद, दोनों देशों ने अपने संबंधों को ’व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने और 2030 तक सालाना पांच अरब अमेरिकी डॉलर के व्यापार का लक्ष्य तय करने का फैसला किया। दोनों पक्षों ने खनन और पर्यटन जैसे कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 11 समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए। वे नागरिक-परमाणु ऊर्जा सेक्टर में सहयोग के तहत, उज्बेकिस्तान से भारत को लंबे समय तक यूरेनियम की आपूर्ति के लिए एक रूपरेखा तैयार करने पर सहमत हुए।
