देश

क्या है वाराणसी का वो गैंगरेप कांड जिसे सुन पीएम मोदी भी हुए विचलित, अफसरों को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

कुछ दिनों पहले ही वाराणसी में हैवानियत की हदें लांघने वाली शर्मनाक घटना हुई। यहां एक 19 साल की लड़की के साथ 23 लोगों ने सात दिनों तक दुष्कर्म किया। इसी घटना को लेकर पीएम मोदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए।

Image

वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी

Photo : ANI

Varanasi Case: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वाराणसी पहुंचते ही सबसे पहले शहर में हाल ही में हुई आपराधिक बलात्कार की घटना के बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी ने वाराणसी के पुलिस आयुक्त, संभागीय आयुक्त और जिला मजिस्ट्रेट से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उन्हें दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित उपाय लागू करने के निर्देश दिए। ये खबर पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में छाई हुई थी।

जानिए क्या है पूरा मामला

कुछ दिनों पहले ही वाराणसी में हैवानियत की हदें लांघने वाली शर्मनाक घटना हुई। यहां एक 19 साल की लड़की के साथ 23 लोगों ने सात दिनों तक दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए वह अभियान चला रही है। लड़की बीते 29 मार्च को अपने घर से लापता हुई थी। पीड़ित लड़की किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर 4 मार्च को अपने घर पहुंची और अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न की जानकारी परिवार को दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

29 मार्च को अपने घर से निकली थी लड़की

पीड़ित लड़की पांडेयरपुर लालपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र की रहने वाली है। वह बीते 29 मार्च को अपने घर से लापता हो गई थी। वापस घर लौटने पर उसने दावा किया कि उसे बंधक बनाकर उसका यौन उत्पीड़न किया गया। लड़की का दावा है कि एक सप्ताह तक 23 लोगों ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़ित लड़की की मां ने अपनी शिकायत में कहा है कि पीड़िता बीते 29 मार्च को अपने एक दोस्त के घर गई थी। घर वापस लौटते समय रास्ते में उसकी मुलाकात एक आरोपी से हुई। यहां से आरोपी उनकी लड़की को लंका स्थित अपने कैफे ले गया और पूरी रात उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन 30 मार्च को उनकी लड़की सड़क पर दूसरे आरोपी से मिली। यहां से दोनों बाइक पर उनकी लड़की को लेकर हाईवे की तरफ गए और नादेसर छोड़ने से पहले दोनों ने उसका रेप किया। इसके बाद 31 मार्च को पांच अन्य लोगों से उनकी लड़की मिली। ये लोग उसे मलदहिया के एक कैफे में लेकर गए जहां उसे नशीला पदार्थ देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

फिर गोदाम में हुआ रेप

रिपोर्ट के मुताबिक, एक अप्रैल को आरोपी और उसका दोस्त लड़की को लेकर एक होटल गए जहां पहले से तीन लोग मौजूद थे। यहां लड़की से एक व्यक्ति का मसाज करने के लिए कहा गया। इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने लड़की से दुष्कर्म किया। होटल से निकलने के बाद लड़की को एक और व्यक्ति मिला, वह जबरन उसे लेकर एक दूसरे होटल गया। यहां उसने भी दुष्कर्म किया और फिर बाहर छोड़ दिया। यहां से एक आरोपी और उसके दो दोस्त उसे लेकर औरंगाबाद के एक गोदाम में पहुंचे। यहां एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लड़की को लेकर एक कमरे में गया जहां दो लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। यहां पीड़ित लड़की किसी तरह से उनके चंगुल से निकल गई। यहां से निकलकर वह सिगरा में एक मॉल के सामने बैठी थी। बीते दो अप्रैल को यहां एक व्यक्ति और उसका दोस्त उससे मिले। दोनों ने उसे ड्रग मिला नूडल्स उसे खाने के लिए दिया। इसके बाद एक आरोपी ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया और उसे अस्सी घाट पर छोड़ दिया।

होटल में ड्रग देकर दुष्कर्म किया

तीन अप्रैल को लड़की अपने दोस्त के घर पहुंची। लगातार नशीली दवाएं के प्रभाव में होने से उसे नींद आ गई। शाम के वक्त वह दानिश और उसके दोस्त से मिली। यहां से दोनों उसे लेकर होटल पहुंचे जहां सोहेल, शोएब और एक अन्य व्यक्ति पहले से मौजूद थे। यहां आरोपियों ने लड़की को ड्रग दिया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे चौकघाट पर छोड़ दिया। यहां से लड़की एक बार फिर अपने दोस्त के घर गई और बीते चार अप्रैल को घर वापस लौटी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article