देश

PM Modi Foreign Visits: 2019 से अबतक 21 बार पीएम मोदी गए हैं विदेश, कुल 22.76 करोड़ हुआ खर्च

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 2, 2023, 09:15 PM IST

PM Modi Foreign Visits: पीएम मोदी के विदेश दौरों की चर्चा हमेशा से रही है। विपक्ष इस पर निशाना भी साधते रहा है। वहीं सरकार इसे मोदी सरकार की मजबूत विदेश नीति के उदाहरण के तौर पर दिखाती रही है। इसे लेकर अब सरकार ने खुद संसद में भी बयान दिया है।

Image

कितनी बार पीएम मोदी गए हैं विदेश (फोटो- PIB)

PM Modi Foreign Visits: केंद्र सरकार ने गुरुवार को संसद में पीएम मोदी के विदेशी दौरों को लेकर जानकारी साझा किया है। दरअसल पीएम मोदी के दौरों के संबंध में एक सवाल पूछा गया था, जिसका जवाब देते हुए सरकार की तरफ से कहा गया कि 2019 से अबतक पीएम मोदी 21 बार विदेशी दौरे पर गए हैं।

कितना हुआ खर्च

सरकार की ओर से संसद में बताया गया है कि इन 21 विदेश यात्राओं पर 22.76 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में ये जवाब दिया है। वहीं राष्ट्रपति ने 2019 से अबतक आठ विदेश यात्राएं कीं हैं। जिसपर 6.24 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई।

किसपर कितनी राशि

सरकार ने 2019 के बाद से राष्ट्रपति के दौरे के लिए 6,24,31,424 रुपये, प्रधानमंत्री के दौरे के लिए 22,76,76,934 रुपये और विदेश मंत्री के दौरे के लिए 20,87,01,475 रुपये की राशि खर्च की है।

कितने दौरे

इस दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विदेश के 86 दौरे किए। 2019 के बाद से, प्रधानमंत्री ने तीन बार जापान और दो बार अमेरिका और यूएई का दौरा किया है। राष्ट्रपति की यात्राओं में, आठ यात्राओं में से सात यात्राएं राम नाथ कोविंद ने की थीं, जबकि वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिछले सितंबर में यूके का दौरा किया था। इस साल अभी तक पीएम मोदी एक भी विदेशी दौरे पर नहीं गए हैं। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने पीएम मोदी को अमेरिका आने का न्योता जरूर भेजा है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी गर्मियों के समय में अमेरिका जा सकते हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article