US Terror Attack: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमेरिका के न्यू ऑरलियंस में हुए 'आतंकवादी हमले' की निंदा की जिसमें 15 लोग मारे गए और कम से कम 35 अन्य घायल हो गए।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अमेरिका के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने न्यू ऑरलियंस में बॉर्बन स्ट्रीट क्षेत्र में हुए हमले का जिक्र किया, जहां ISIS आतंकवादी संगठन से संदिग्ध संबंध रखने वाले अमेरिकी सेना के एक पूर्व सैनिक ने भीड़ पर रफ्तार का कहर बरपाया।
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि हम न्यू ऑरलियंस में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवार के साथ हैं। कामना है कि उन्हें इस त्रासदी से पार पाने की शक्ति मिले।
हमलावर का ISIS कनेक्शन
गौरतलब है कि हमलावर का नाम शम्सुद्दीन जब्बार बताया जाता है, जिसे पुलिस ने मार गिराया। 42 वर्षीय जब्बार अमेरिकी नागरिक था और टेक्सास का रहने वाला था। उसने फोर्ड पिकअप ट्रक को नए साल का जश्न मना रहे लोगों की भीड़ पर चढ़ा दिया। जब्बार ने हमले में इस्तेमाल किया गया वाहन किराए पर लिया था जिसमें आतंकी संगठन आईएस का झंडा मिला।
