देश

'सैन्य संघर्ष से समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता', ऑस्ट्रिया के चांसलर के साथ बातचीत में बोले PM

पीएम मोदी ने वैश्विक संस्थाओं में सुधार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए वैश्विक संस्थाओं में सुधार जरूरी है। आतंकवाद पर प्रहार करते हुए पीएम ने कहा कि यह समस्या पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है।

Image

पीएम ने वैश्विक संस्थाओं में सुधार पर दिया जोर।

Photo : PTI

Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पश्चिम एशिया और यूक्रेन में जारी संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया। मोदी ने ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर के साथ बातचीत के बाद ये टिप्पणियां कीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आज पूरी दुनिया एक बहुत ही गंभीर और तनावपूर्ण स्थिति से गुजर रही है।’ उन्होंने कहा कि दुनिया में इस तनावपूर्ण स्थिति का प्रभाव हम सभी महसूस कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया इस बात पर सहमत हैं कि सैन्य संघर्ष से समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।

चार दिवसीय यात्रा पर भारत आए हैं ऑस्ट्रिया के चांसलर

उन्होंने कहा, 'हम यूक्रेन और पश्चिम एशिया में स्थिर, टिकाऊ और दीर्घकालिक शांति का समर्थन करते हैं।’ प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि ऑस्ट्रिया के चांसलर की भारत यात्रा व्यापार और निवेश को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के बाद भारत और यूरोपीय संघ के संबंधों में एक नया स्वर्णिम अध्याय शुरू हो गया है। ऑस्ट्रिया के चांसलर विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से चार दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे। भारत की यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है।

पीएम ने दिया वैश्विक संस्थाओं में सुधार पर जोर

पीएम मोदी ने वैश्विक संस्थाओं में सुधार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए वैश्विक संस्थाओं में सुधार जरूरी है। आतंकवाद पर प्रहार करते हुए पीएम ने कहा कि यह समस्या पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है, इसे जड़ से खत्म करना जरूरी है। आतंकवाद का खात्मा सभी देशों की प्रतिबद्धता होनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'आज दुनिया गंभीर एवं तनावपूर्ण स्थिति का सामना कर रही है और यह स्थिति हम सभी से जुड़ी हुई है। भारत और ऑस्ट्रिया इस बात से सहमत है कि चाहे वह यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया सैन्य विवाद से समाधान नहीं निकलेगा। हम स्थायी, सतत एवं दीर्घकालीन शांति का समर्थन करते हैं।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article