PM Modi at CBI diamond jubilee event : भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सख्त तेवर दिखाया। केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) के डायमंड जुबली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 'अपने भ्रष्टाचार से खुद को बचाने के लिए इन्होंने अपना एक इको सिस्टम बनाकर रखा है। जांच शुरू होने पर यह इको सिस्टम जांच एजेंसियों पर सवाल खड़े करने लगता है। इससे आपको डरना नहीं है। कोई भी भ्रष्टाचारी बचना नहीं चाहिए।' पीएम ने कहा कि वह जानते हैं कि सीबीआई जिनके खिलाफ जांच कर रही है, वे बहुत ताकतवर लोग हैं। वे वर्षों तक सरकार और तंत्र का हिस्सा रहे हैं।
10 साल पहले भ्रष्टाचार करने की होड़ मची थी-पीएम
पीएम ने आगे कहा, 'आज से दस साल पहले भ्रष्टाचार करने की होड़ मची थी। इस दौरान बड़े-बड़े घोटाले हुए। भ्रष्टाचार करने वाले डरते नहीं थे क्योंकि उनके साथ सिस्टम खड़ा था। साल 2014 के बाद हमने भ्रष्टाचार और काला धन के खिलाफ एक मिशन मोड में काम करना शुरू किया।' प्रधानमंत्री ने कहा कि सीबीआई ने आम लोगों को एक उम्मीद दी है। लोग सीबीआई जांच की मांग करते हुए प्रदर्शन करते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि यह जांच एजेंसी न्याय के एक ब्रांड के रूप में खुद को पेश किया है। सीबीआई जैसी सक्षम एवं पेशेवर एजेंसी के बिना भारत आगे नहीं बढ़ सकता। जांच एजेंसी पर जिम्मेदारी पहले से कई गुना ज्यादा बढ़ गई है। सीबीआई का काम देश से भ्रष्टाचार को मिटाना है।
