देश

तिरूवनंतपुरम पहुंचे PM मोदी, विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का करेंगे उद्घाटन, एयरपोर्ट पर थरूर ने किया स्वागत

PM Modi in Thiruvananthapuram : तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे के तकनीकी क्षेत्र में विमान से उतरने के बाद मोदी राजभवन की ओर रवाना हुए। राजभवन जाते समय प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए सड़क किनारे आम लोगों समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता भी शामिल थे। मोदी ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।

Image

विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का उद्घाटन करेंगे PM मोदी।

PM Modi in Thiruvananthapuram : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार रात तिरूवनंतपुरम पहुंचे। वह शुक्रवार को विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का उद्घाटन करेंगे। तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और जॉर्ज कुरियेन ने पीएम का स्वागत किया। थरूर तिरूवनंतपुर से सांसद हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान में विलंब होने के बावजूद वह समय से तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट पहुंच गए। एयरपोर्ट पर उन्होंने पीएम का स्वागत किया। थरूर ने कहा कि वह इस बंदरगाह के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह शुरुआत से ही इस प्रोजेक्ट से जुड़े हुए हैं। इस बंदरगाह के शुरू हो जाने पर तिरूवनंतपुरम वैश्विक सामुद्रिक परिदृश्य में प्रमुखता से उभरेगा।

एयरपोर्ट से राजभवन के लिए रवाना हुए पीएम

तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे के तकनीकी क्षेत्र में विमान से उतरने के बाद मोदी राजभवन की ओर रवाना हुए। राजभवन जाते समय प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए सड़क किनारे आम लोगों समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता भी शामिल थे। मोदी ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन, केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया।

रास्ते में लगे 'भारत माता की जय' के नारे

हवाई अड्डे के बाहर भीड़ ने 'भारत माता की जय' और 'नरेन्द्र मोदी की जय' के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री राजभवन में ठहरेंगे। बंदरगाह के चालू होने से केरल को वैश्विक समुद्री मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने और अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं नौवहन में भारत की भूमिका में बदलाव की उम्मीद है।

परियोजना पर 8,867 करोड़ रुपये का खर्च

अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (एपीएसईज़ेड) द्वारा विकसित गहरे पानी का बंदरगाह सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत बनाया गया था। यह परियोजना 8,867 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पूरी हुई। सफल परीक्षण के बाद, बंदरगाह को पिछले साल चार दिसंबर को वाणिज्यिक कमीशनिंग प्रमाणपत्र मिला।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article