Chhath Puja: लोक आस्था का महापर्व छठ का आज यानि कि रविवार (30 October 2022) को तीसरा दिन है। इस दिन व्रती शाम में डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देती हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने छठ पूजा 2022 की शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी को मिले। उन्होंने कहा- "सूर्यदेव और प्रकृति की उपासना को समर्पित महापर्व छठ की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान भास्कर की आभा और छठी मइया के आशीर्वाद से हर किसी का जीवन सदैव आलोकित रहे, यही कामना है।"
वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित छठ की तैयारी की गई है। उन्होंने कहा- "सभी प्रदेश वासियों व श्रद्धालुजनों को भगवान सूर्य की उपासना के महापर्व 'छठ' की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! छठी मइया की कृपा से लोक आस्था का यह महापर्व संपूर्ण सृष्टि के लिए सुख-समृद्धि तथा आरोग्यता का कारक बने, यही कामना है। जय छठी मइया!"
एक अन्य ट्वीट में सीएम ने कहा- "प्रिय प्रदेश वासियों, आप लोक आस्था का महापर्व 'छठ' पूर्ण उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाएं। सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने हेतु शासन-प्रशासन क्रियाशील हैं। 'स्वच्छ-सुरक्षित छठ' हेतु अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। छठी मइया हम सभी के मनोरथ पूर्ण करें!"
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा- "लोक आस्था के 4 दिवसीय महापर्व छठ के अवसर पर शुभकामनाएं। यह आत्मानुशासन का पर्व है। लोग शुद्ध अन्तःकरण एवं निर्मल मन से अस्ताचल और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। भगवान भास्कर से राज्य की प्रगति, सुख, समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना है।"
