देश

किस गुनाह में जेल में ठूसी गईं फिल्मी हस्तियां? देवानंद-किशोर कुमार के इनकार से बौखलाई थीं इंदिरा; नेहरू ने देश को बनाया था जेलखाना!

राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने नेहरू गांधी परिवार को अहंकारी बताते हुए कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अहंकारी शाही परिवार ने इमरजेंसी के दौरान देश को जेलखाना बना दिया था। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि बलराज साहनी जैसे प्रसिद्ध अभिनेता और कवियों को सिर्फ इसलिए जेल में डाल दिया गया क्योंकि उन्होंने कांग्रेस सरकारों का विरोध किया था।

Image

राज्यसभा में पीएम मोदी

दिल्ली: राज्यसभा में गुरुवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवाब दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने इंदिरा गांधी के दौर में लगाई गई इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कांग्रेस पार्टी पर जमकर जुबानी प्रहार किए। अपने संबोधन में यूसीसी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हम अपने संविधान निर्माताओं से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रहे हैं। जो लोग समान नागरिक संहिता पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि हम सिर्फ अपने संविधान निर्माताओं के बताए रास्ते पर चल रहे हैं। कांग्रेस ने हमारे संविधान के काम और भावनाओं को नष्ट कर दिया है। लता मंगेशकर, बलराज साहनी को याद करते हुए पीएम मोदी ने आगे कहा कि बलराज साहनी जैसे प्रसिद्ध अभिनेता और कवियों को सिर्फ इसलिए जेल में डाल दिया गया क्योंकि उन्होंने कांग्रेस सरकारों का विरोध किया था।

नेहरू ने इन हस्तियों को जेल में डाला

पीएम ने आगे कहा कि लता मंगेशकर के भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने वीर सावरकर पर एक कविता लिखी थी और उसे आकाशवाणी पर गाना चाहते थे। उन्हें आकाशवाणी से आजीवन प्रतिबंधित कर दिया गया। जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री थे और मुंबई में मजदूरों की एक हड़ताल हुई थी। उसमें मशहूर गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी ने एक गीत गाया था। इस पर नेहरू जी ने उन्हें जेल में ठूंस दिया था।

आकाशवाणी पर बैन

पीएम ने आगे कहा कि देश ने इमरजेंसी का भी दौर देखा है। देवानंद जी से आग्रह किया गया कि वह इमरजेंसी का समर्थन करें, लेकिन उन्होंने साफ-साफ इनकार कर दिया। इसलिए दूरदर्शन पर देवानंद की सभी फिल्मों को प्रतिबंधित कर दिया गया। ये संविधान की बातें करने वाले लोगों ने सालों से उसे अपनी जेब में रखा है। किशोर कुमार ने कांग्रेस के लिए गाना गाने से मना किया, इस एक गुनाह के लिए आकाशवाणी पर उनके गानों को बैन कर दिया गया।

इमरजेंसी को भूलना मुश्किल

पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैं इमरजेंसी के उस दौर को कभी नहीं भूल सकता हूं। जो लोग लोकतंत्र और मानव गरिमा की बातें करते हैं और भाषण देने के शौकीन लोग हैं। आपातकाल में जॉर्ज फर्नांडिस समेत देश के अनेक महानुभावों को हथकड़ियां पहनाई गई थीं, जंजीरों से बांधा गया था। संसद के सदस्य, देश के गणमान्य नेताओं को हथकड़ियों और जंजीरों से बांधा गया था। इनके मुंह से संविधान शब्द शोभा नहीं देता है। सत्ता सुख के लिए शाही परिवार के अहंकार के लिए देश के लाखों परिवार को तबाह कर दिया गया था। देश को जेल खाना बना दिया गया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article