Plane Crash: गुजरात के अमरेली में एक प्लेन क्रैश कर गया है। प्लेन एक निजी कंपनी का था, जिसका प्रयोग पायलटों की ट्रेनिंग में किया जाता था। इस प्लेन क्रैश के दौरान दो पायलट सवार थे, जिसमें से एक की मौत हो गई है, दूसरी गंभीर रूप से घायल है। पहले खबर थी कि दोनों ही पायलट की मौत हो गई। हालांकि बाद में प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक ही पायलट की मौत हुई है, दूसरा घायल है। घटना स्थल पर अमरेली फायर विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए हैं और जांच में जुट गए हैं।
अमरेली में प्लेन हुआ क्रैश
मिली जानकारी के अनुसार अमरेली के गिरिया रोड पर एक प्राइवेट कंपनी द्वारा संचालित पायलट ट्रेनिंग सेंटर का प्लेन क्रैश हुआ है। हादसे के वक्त प्लेन में दो पायलट सवार थे, जिसमें से एक की मौत हो गई है।
अमरेली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजय खरात ने बताया कि अमरेली शहर के गिरिया रोड इलाके में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अज्ञात कारणों से एक विमान एक आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे प्रशिक्षु पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि विमान में पायलट अकेले थे और विमान ने अमरेली हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। खरात ने बताया कि शास्त्री नगर इलाके के निकट दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान में आग लग गई और वह लपटों में घिर गया।
खरात ने कहा, "अमरेली हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद, हवाई अड्डे से संचालित होने वाली एक विमानन अकादमी का प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ विमान एक आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में, प्रशिक्षु पायलट की मृत्यु हो गई, जबकि विमान लपटों में घिर गया। दुर्घटना में कोई अन्य हताहत नहीं हुआ।"
उन्होंने कहा कि दिल्ली स्थित विमानन अकादमी अमरेली हवाई अड्डे से पायलटों को प्रशिक्षण प्रदान करती है। एसपी ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अग्निशमन अधिकारी एससी गढ़वी ने बताया कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने और उसमें आग लगने की सूचना मिलने पर स्थानीय अग्निशमन विभाग की चार टीमें शास्त्रीनगर पहुंचीं।
