Bihar News: दरभंगा में एक चुनावी मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपियों में से एक को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ बक्सर के सिमरी थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है। दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की। बता दें कि दरभंगा के रहने वाले रिजवी ने कांग्रेस की रैली के दौरान पीएम मोदी के लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राजद पर तीखे हमले किए।
पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने वाला दरभंगा में गिरफ्तार। तस्वीर-PTI, सांकेतिक
रिजवी को देर रात किया गया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक रिजवी उर्फ राजा को देर रात गिरफ्तार किया गया। वह सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भपुरा गांव का रहने वाला है। उसने सिमरी थाना क्षेत्र के बिठौली चौक पर कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री मोदी के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था। सदर डीएसपी कमतौल एसके सुमन ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
शाह ने इस घटना को लोकतंत्र पर एक ‘धब्बा’ करार दिया
पीएम के लिए अपशब्दों के इस्तेमाल पर राजनीति भी गरमा गई। गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना को देश के लोकतंत्र पर एक ‘धब्बा’करार दिया। यह बयान सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप के सामने आने बाद आया है जिसमें कुछ अज्ञात लोगों को यात्रा के दौरान मंच से मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो कथित तौर पर दरभंगा जिले का है, जहां से बुधवार सुबह यात्रा शुरू हुई थी, जब राहुल गांधी, उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव मोटरसाइकिल पर मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे।
'गाली वाली पार्टी' बन गई है-पात्रा
भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्दों के इस्तेमाल के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कांग्रेस, जो अक्सर खुद को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ती है, एक 'गाली वाली पार्टी' बन गई है क्योंकि गांधी परिवार सत्ता में वापस नहीं आ पा रहा है। पात्रा ने कहा, ‘कांग्रेस की गालियों की दुकान सील होगी, और इसकी शुरुआत बिहार से होगी।’उन्होंने कहा, ‘आज दरभंगा में मोदी जी और उनकी दिवंगत मां के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है... अगर कोई इसका जनक है, तो वह राहुल गांधी हैं, कोई और नहीं। राहुल गांधी ने हाल में जो भाषण दिए हैं, उन्हें सुनें और उनका विश्लेषण करें।’
