Narendra Modi on Manipur: हिंसा की आग में झुलसे मणिपुर (नॉर्थ ईस्ट में) के मसले पर संसद में प्रधानमंत्री ने कहा है कि जल्द ही वहां शांति का सूर्योदय होगा और प्रदेश नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगा। गुरुवार (10 अगस्त, 2023) को संसद के निचले सदन लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के जवाब के दौरान वह यह भी बोले कि मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को अंजाम देने वालों को सजा दिलाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मणिपुर के मसले पर अपनी बात रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उसने अतीत में ‘मां भारती’ की भुजाएं काट दी। बकौल पीएम, ‘‘मणिपुर पर कोर्ट का फैसला आया। उसके पक्ष-विपक्ष में जो परिस्थितियां बनीं, हिंसा का दौर शुरू हो गया। कई लोगों ने अपने लोगों को खोया। महिलाओं के साथ गंभीर अपराध हुए। ये अपराध अक्षम्य हैं। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार भरपूर प्रयास कर रही है।’’
वह आगे बोले, ‘‘जल्द ही भविष्य में शांति का सूरज जरूर उगेगा। मणिपुर फिर एक बार फिर शांति के साथ आगे बढ़ेगा। वहां की माताओं-बहनों, बेटियों से कहना चाहता हूं कि देश आपके साथ है, यह सदन आपके साथ है, हम सब मिलकर इस चुनौती का समाधान निकालेंगे। वहां फिर से शांति की स्थापना होगी। हमारे लिए पूर्वोत्तर हमारे जिगर का टुकड़ा है।’’
राहुल गांधी के बयान का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए उन्होंने बताया, ‘‘मां भारती के बारे में जो कहा गया है, उससे देश को ठेस पहुंची...क्या सत्ता सुख के बिना नहीं जी सकते। क्या भाषा बोल रहे हैं? पता नहीं, कुछ लोग भारत मां की मृत्यु की कामना कर रहे हैं। ये लोग कभी लोकतंत्र की हत्या की बात करते हैं, संविधान की हत्या की बात करते हैं। जो इनके मन में है, वही उनके कृत्य में सामने आ जाता है।’’
पीएम के मुताबिक, ‘‘मां भारती के तीन-तीन टुकड़े कर दिए गए। जब मां भारती की जंजीरों को तोड़ना था तो इन लोगों ने मां भारती की भुजाएं काट दीं। ये लोग किस मुंह से ऐसा बोलने की हिम्मत करते हैं... तुष्टीकरण की राजनीति के चलते वंदे मातरम गीत के टुकड़े कर दिए। ये लोग भारत तेरे टुकड़े होंगे, कहने वालों को बढ़ावा देने के लिए पहुंच जाते हैं...सिलीगुड़ी गलियारा को अलग करने का सपना देने वालों का समर्थन करते हैं।’’ (पीटीआई इनपुट्स के साथ)
