देश

वक्फ विधेयक को संसद की मंजूरी के बाद पीएम मोदी का आया पहला बयान, जानिए क्या-क्या कहा

बता दें कि वक्फ विधेयक को बुधवार को लोकसभा जबकि गुरुवार को राज्यसभा में पारित हो गया। विपक्ष के विरोध के बीच दोनों सदनों में इसके पक्ष में मुहर लग गई।

Image

वक्फ बिल पर बोले पीएम मोदी

PM Modi on Waqf Board: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वक्फ संशोधन विधेयक को संसद की मंजूरी को लेकर बयान दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि वक्फ विधेयक को संसद की मंजूरी सामाजिक-आर्थिक न्याय और समावेशी विकास के लिए हमारी सामूहिक खोज में एक महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि इससे उन लोगों को विशेष रूप से मदद मिलेगी जो लंबे समय से हाशिए पर हैं और इस प्रकार उन्हें आवाज और अवसर दोनों से वंचित रखा गया है। एक्स पर पोस्ट में उन्होंने कहा कि दशकों से वक्फ प्रणाली पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी का पर्याय बन गई है, विशेष रूप से मुस्लिम महिलाओं, गरीब मुसलमानों और पसमांदा मुसलमानों के हितों को नुकसान पहुंचा रही है।

सामाजिक-आर्थिक न्याय, समावेशी विकास के लिए अहम क्षण

उन्होंने कहा, वक्फ (संशोधन) विधेयक और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक का संसद के दोनों सदनों द्वारा पारित होना सामाजिक-आर्थिक न्याय, पारदर्शिता और समावेशी विकास के लिए हमारी सामूहिक खोज में एक महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि संसद द्वारा पारित कानून पारदर्शिता को बढ़ावा देंगे और लोगों के अधिकारों की रक्षा भी करेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब एक ऐसे युग में प्रवेश करेगा जहां ढांचा अधिक आधुनिक और सामाजिक न्याय के प्रति संवेदनशील होगा।

सभी सांसदों को दिया धन्यवाद

उन्होंने कहा, हम प्रत्येक नागरिक की गरिमा को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी तरह हम एक मजबूत, अधिक समावेशी और अधिक दयालु भारत का निर्माण भी करते हैं। प्रधानमंत्री ने संसदीय और समिति चर्चाओं में भाग लेने वाले सभी सांसदों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने अपने विचार व्यक्त किए और इन कानूनों को मजबूत बनाने में योगदान दिया। उन्होंने संसदीय समिति को अपने बहुमूल्य सुझाव भेजने वाले अनगिनत लोगों को विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, एक बार फिर व्यापक बहस और संवाद के महत्व की पुष्टि हुई है।

बता दें कि वक्फ विधेयक को बुधवार को लोकसभा जबकि गुरुवार को राज्यसभा में पारित हो गया। विपक्ष के विरोध के बीच दोनों सदनों में इसके पक्ष में मुहर लग गई। दोनों सदनों में देर रात तक चली बहस और कार्यवाही के बाद संसद ने बहुमत से इसे मंजूरी दी।

राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित

बता दें कि गुरुवार देर रात राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक को पारित कर दिया गया है। इस विधेयक के पक्ष में 128 सदस्यों ने वोट डाले, जबकि 95 सांसदों ने इसके विरोध में वोटिंग की। लोकसभा से पारित होने के बाद वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 को गुरुवार को राज्यसभा में पेश किया गया था। देर रात तक चली बहस के बाद इस पर वोटिंग हुई। विधेयक के पक्ष में 128 वोट, विधेयक के खिलाफ 95 वोट पड़े। देर रात 2.30 बजे विधेयक को मंजूरी मिल गई और सुबह 4 बजे राज्यसभा स्थगित हुई।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!