देश

संसद में NEET मामले पर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही 1 जुलाई तक स्थगित

Parliament Session: लोकसभा की कार्यवाही 1 जुलाई तक स्थगित हो गई है। नीट मामले पर विपक्ष की चर्चा की मांग के चलते कार्यवाही स्थगित हुई है।

Image

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संसद में नीट मुद्दे पर सार्थक चर्चा कराने का आग्रह करता हूं।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Parliament Session Live Updates: लोकसभा में कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों की ‘नीट-यूजी’ परीक्षा में कथित अनियमितता पर चर्चा कराने की मांग को लेकर हंगामे के कारण सदन की बैठक शुक्रवार को शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद 1 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संसद में नीट मुद्दे पर सम्मानजनक, सार्थक चर्चा कराने का आग्रह करता हूं क्योंकि यह देश के युवाओं से जुड़ा मुद्दा है। बता दें, इससे पहले कांग्रेस के कई सांसदों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) से जुड़ी कथित अनियमितताओं और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की नाकामी के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए शुक्रवार को संसद के दोनों सदन में नोटिस भी दिए।

विपक्ष ने एनटीए की नाकामी पर चर्चा की मांग उठाई

पार्टी के राज्यसभा सदस्य सैयद नासिर हुसैन और रंजीत रंजन ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत नोटिस दिए। हुसैन ने अपने नोटिस में कहा कि सदन में आज के लिए सूचीबद्ध सभी कामकाज को स्थगित कर, नीट-यूजी और यूजीसी-नेट सहित विभिन्न परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक होने और एनटीए की नाकामी पर चर्चा कराई जाए। लोकसभा में कांग्रेस के सदस्य मणिकम टैगोर ने इस विषय पर चर्चा की मांग करते हुए कार्यस्थगन का नोटिस दिया था। कांग्रेस और इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) के अन्य घटक दलों ने शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी से जुड़ी कथित अनियमितता का मुद्दा उठाने का फैसला किया था।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article