पाकिस्तानी रेंजर्स की गोलीबारी में एक जवान घायल
बीएसएफ के मुताबिक पाकिस्तानी रेंजर्स ने कल देर रात रामगढ़ और अरनिया सेक्टर में गोलीबारी की। रामगढ़ में सीमा पार से हुई गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया। डॉ शमशाद (आपातकालीन ड्यूटी पर डॉक्टर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़) ने कहा, "गोली लगने से घायल हुए 28 वर्षीय बीएसएफ जवान को यहां लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैन्य अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उसे देर रात लगभग 1 बजे यहां लाया गया था। सूचना मिलते ही डॉक्टरों की टीमें तुरंत यहां पहुंच गईं।"
गोलीबारी 4-5 साल बाद हुई है- स्थानीय निवासी
सांबा, जम्मू-कश्मीर के एक स्थानीय निवासी ने बताया, "गोलीबारी लगभग 2-2.30 बजे शुरू हुई। काफी गोलीबारी हुई। गोलीबारी 4-5 साल बाद हुई है।" वहीं स्थानीय निवासी नरिंदर कौर का कहना है, "गोलीबारी रात में शुरू हुई। सुबह 4 बजे के आसपास हमें पता चला कि यह बंद हो गई है। हम अपने बच्चों के साथ स्टोर रूम में सो रहे थे। स्कूलों ने कहा है कि बस यहां नहीं आएगी। चूंकि हमारा गांव सीमा के पास है, हम अपने बच्चों को पास के गांव में ले जा रहे हैं, वहां से वे हमारे बच्चों को ले जाएंगे।"
टीआरएफ से जुड़ा एक आतंकवादी मारा गया
जम्मू-कश्मीर के शोपियां के कैथोहलान इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। प्रतिबंधित आतंकी संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (टीआरएफ) से जुड़ा एक आतंकवादी मारा गया। कश्मीर जोन पुलिस ने ये जानकारी साझा की है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर जिले के काठोहलान इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया।
आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर चलाईं गोलियां
अधिकारी के मुताबिक, अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों पक्षों में मुठभेड़ छिड़ गई और इसमें अभी तक एक आतंकी के मारे जाने की खबर है। कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि मारा गया आतंकी टीआरएफ से जुड़ा था। पुलिस के अनुसार, 'आतंकी संगठन टीआरएफ से संबंधित एक आतंकवादी को मार गिराया गया है। उसके पास से गोला-बारूद सहित अन्य आतंकवादी सामग्री बरामद की गई हैं। तलाश अभियान जारी है। अतिरिक्त जानकारी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
