LoC Firing: कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से पाकिस्तान लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। उसने 11वें दिन भी यह उल्लंघन जारी रखा। पाकिस्तानी चौकियों से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की जा रही है, जो सिर्फ एक या दो सेक्टरों तक सीमित नहीं है, बल्कि कई सेक्टरों में एक साथ की जा रही है। भारतीय सेना ने इस कार्रवाई का तुरंत और उचित जवाब दिया। 4-5 मई 2025 की रात को, पहलगाम हमले के बाद, पाकिस्तान ने फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर के आसपास के क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा के पार छोटे हथियारों से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की।
रात में की थी फायरिंग
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के मद्देनजर पाकिस्तान को आशंका है कि भारत उसके खिलाफ कोई बड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है। इसी वजह से पाकिस्तान एक ओर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा है, तो दूसरी ओर LoC पर बार-बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। ताजा घटनाक्रम में, पाकिस्तानी सेना ने 4-5 मई की रात LoC पर फिर से गोलीबारी की है।
सीजफायर का उल्लंघन
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान द्वारा बार-बार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। एलओसी पर पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम तोड़ते हुए भारत की ओर फायरिंग की है। इस बढ़ते तनाव के मद्देनजर, LoC और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रहने वाले नागरिकों ने अपने निजी और सामुदायिक बंकरों की सफाई शुरू कर दी है, ताकि किसी भी संभावित गोलाबारी की स्थिति में वे सुरक्षित स्थान पर शरण ले सकें।
