China Pakistan Navy Excercise: इजराइल और हमास के बीच चल रहे संघर्ष के बीच चीनी और पाकिस्तानी नौसैनिक बल नवंबर के मध्य में एक संयुक्त अभ्यास करने जा रहे हैं। चीनी पनडुब्बियां और युद्धपोत पाकिस्तानी नौसेना के साथ फारस की खाड़ी की ओर बढ़ेंगे। हालांकि, भारत इन घटनाक्रमों पर नजर बनाए हुए है। चीन की टाइप 039 पनडुब्बी जिसे सोंग-क्लास कहा जाता है, उसे भारत द्वारा ट्रैक किया गया था और पाया गया कि यह हिंद महासागर में प्रवेश कर गई थी। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, चीनी पनडुब्बी के फारस की खाड़ी में पाकिस्तानी नौसेना में शामिल होने की संभावना है।
पाकिस्तान-चीन नौसेना अभ्यास
भारत का P-8I पनडुब्बी रख रहा नजर
भारत अपने P-8I पनडुब्बी रोधी युद्धक विमान के जरिए इनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। इसके अलावा, शिकारी ड्रोन और अन्य उपकरणों का भी इस्तेमाल किया गया है। इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि चीनी नौसेना के युद्धपोत, जिनमें एक विध्वंसक, फ्रिगेट और एक टैंकर जहाज शामिल हैं, अक्टूबर की शुरुआत से फारस की खाड़ी में हैं।
हमास के हमले का कनेक्शन
इसके मुताबिक, फारस की खाड़ी में तीन युद्धपोत 44वें एंटी-पाइरेसी ग्रुप का हिस्सा थे, जो मई 2023 से 44वें एपीईएफ के रूप में वहां मौजूद थे। भारत द्वारा ट्रैक की गई चीनी पनडुब्बी की मदद के लिए बहुत दूर किसी जगह पर एक पनडुब्बी सहायता पोत भी मौजूद था। चीनी और पाकिस्तानी युद्धपोत फारस की खाड़ी में आगे बढ़ सकते हैं, जहां से वे 7 अक्टूबर को हमास द्वारा इजराइल पर हमला होने के बाद से तैनात अमेरिकी युद्धपोतों की निगरानी कर सकते हैं।
