भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बरकरार है। इस बीच विदेश मंत्रालय (MEA) और सेना की एक फिर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई है। इस बीच विदेश मंत्रालय और सेना की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि भारत की ओर से आतंकी ठिकानों पर किए गए टारगेटेड हमले के जवाब में पाकिस्तान की ओर से 7 मई 8 मई की रात उत्तरी और पश्चिमी भारत में सेना के कुछ ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने की कोशिश की गई।
विदेश मंत्रालय के प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के हमले के बारे में दी गई जानकारी
कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि 7 और 8 मई की रात को पाकिस्तानी सेना ने सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के इरादे से पूरी पश्चिमी सीमा पर कई बार भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। इतना ही नहीं, पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर भारी कैलिबर के हथियारों से भी गोलीबारी की। 36 स्थानों पर घुसपैठ की कोशिश करने के लिए लगभग 300 से 400 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। भारतीय सशस्त्र बलों ने गतिज और गैर-गतिज साधनों का उपयोग करके इनमें से कई ड्रोन को मार गिराया। इस तरह के बड़े पैमाने पर हवाई घुसपैठ का संभावित उद्देश्य वायु रक्षा प्रणालियों का परीक्षण करना और खुफिया जानकारी एकत्र करना था। ड्रोन के मलबे की फोरेंसिक जांच की जा रही है। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि वे तुर्की असिसगार्ड सोंगर ड्रोन हैं।
पाकिस्तान के 4 हवाई रक्षा स्थलों पर सशस्त्र ड्रोन दागे गए- विंग कमांडर व्योमिका सिंह
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कई ड्रोन को मार गिराया। पाकिस्तान को जबरदस्त नुकसान हुआ है। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी हमले के जवाब में पाकिस्तान के चार हवाई रक्षा स्थलों पर सशस्त्र ड्रोन दागे गए। इनमें से एक ड्रोन AD रडार को नष्ट करने में सक्षम था। पाकिस्तान ने भारी कैलिबर वाली तोपों और सशस्त्र ड्रोनों का उपयोग करके नियंत्रण रेखा के पार गोलाबारी भी की... जिसके परिणामस्वरूप भारतीय सेना के कुछ जवान हताहत हुए और घायल हुए। भारतीय जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को भी बड़ा नुकसान हुआ।
विक्रम मिस्री ने कहा- पाकिस्तान कर रहा बेतुका दावा
इस बीच विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि अपनी हरकतों को स्वीकार करने के बजाय, पाकिस्तान ने यह बेतुका और अपमानजनक दावा किया कि यह भारतीय सशस्त्र बल हैं जो अमृतसर जैसे अपने ही शहरों को निशाना बना रहे हैं और पाकिस्तान पर दोष मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं... जैसा कि उनके इतिहास से पता चलता है, वे ऐसी हरकतों में पारंगत हैं... पाकिस्तान ने गलत सूचना फैलाई कि भारत ने ड्रोन हमले के जरिए नानकम साहिब गुरुद्वारे को निशाना बनाया, जो एक और सरासर झूठ है... पाकिस्तान सांप्रदायिक विवाद पैदा करने के इरादे से स्थिति को सांप्रदायिक रंग देने की पूरी कोशिश कर रहा है।
