देश

Pahalgam Attack: पीएम मोदी ने सऊदी अरब से फोन पर की अमित शाह से बात, गृह मंत्री पहुंचे श्रीनगर, कहा- बख्शे नहीं जाएंगे आतंकी

पहलगाम में पर्यटकों पर हमले के बाद केंद्र सरकार सक्रिय हो गई है। इसे लेकर अमित शाह ने अहम बैठक बुलाई वहीं, पीएम मोदी ने सऊदी अरब से फोन पर बात करते हुए गृह मंत्री को अहम निर्देश दिए।

Image

पहलगाम आतंकी हमले के बाद सक्रिय हुई केंद्र सरकार

Amit Shah Meeting On Pahalgam Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार सक्रिय हो गई है। इसे लेकर न सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी बल्कि गृह मंत्री अमित शाह भी सक्रिय हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, सऊदी अरब दौरे पर गए प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले पर गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बातचीत की और उनसे सभी उचित कदम उठाने को कहा। प्रधानमंत्री ने गृह मंत्री से घटनास्थल का दौरा करने को भी कहा। इसके बाद वह श्रीनगर पहुंच गए और राजभवन में उच्चस्तरीय बैठक की जिसमें एलजी मनोज सिन्हा भी मौजूद थे।

अमित शाह ने की अहम बैठक

वहीं, कश्मीर में आतंकी हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने अपने घर पर बैठक बुलाई। बैठक में आईबी चीफ, गृह सचिव भी मौजूद हैं। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने एलजी मनोज सिन्हा मुख्यमंत्री से बात की। बैठक में सीआरपीएफ डीजी, जम्मू कश्मीर डीजी, सेना के अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े हैं। अमित शाह ने कहा कि दोषियों को नहीं बख्शेंगे और कठोर से कठोर कार्रवाई करेंगे।

आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा

अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएँ मृतकों के परिजनों के साथ हैं। इस जघन्य आतंकी हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और हम अपराधियों पर कठोरतम कार्रवाई करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घटना के बारे में जानकारी दी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। सभी एजेंसियों के साथ तत्काल सुरक्षा समीक्षा बैठक करने के लिए शीघ्र ही श्रीनगर के लिए रवाना हो रहा हूं।

20 पर्यटक घायल हुए

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 20 पर्यटक घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि हमला बैसरन नामक घास के मैदान में हुआ, जहां सिर्फ पैदल या टट्टुओं से पहुंचा जा सकता है। यहां आज सुबह पर्यटकों का एक समूह घूमने गया था। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, आतंकियों ने पर्यटकों पर नजदीक से गोलियां चलाईं, जिससे कई लोग घायल हो गए।

एक महिला ने बताया, मेरे पति के सिर में गोली लगी है, जबकि सात अन्य भी हमले में घायल हुए हैं। महिला ने अपनी पहचान नहीं बताई, लेकिन घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की गुहार लगाई। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को निकालने के लिए अधिकारियों ने एक हेलिकॉप्टर भेजा। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को स्थानीय लोगों ने अपने टट्टुओं पर घास के मैदान से नीचे उतारा।

12 घायलों को अस्पताल लाया गया

पहलगाम अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि 12 घायल पर्यटकों को वहां भर्ती कराया गया है और उन सभी की हालत स्थिर है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इससे कुछ देर पहले गोलीबारी की आवाजें सुनने के बाद सुरक्षाबल पहलगाम पर्यटन शहर के बैसरन घास के मैदानों की ओर रवाना हो गए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article