देश

Pahalgam Terror Attack: 'तुम्हारा धर्म क्या है... कितने लोगों का ग्रुप है', टट्टू वाले ने पूछा महिला से सवाल; गिरफ्तार

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम हमले से पहले महिला से धर्म इत्यादि से जुड़े सवाल करने वाले टट्टू सेवा देने वाले संदिग्ध अयाज अहमद जुंगाल (Aiyaz Ahmad Jungal) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला का दावा है कि संदिग्ध के साथ उसका झगड़ा हुआ था, उसने हम पर कुरान पढ़ने के लिए दबाव डाला था।

Image

अयाज अहमद जुंगाल (फाइल फोटो)

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में पर्यटकों पर हमले के बाद जम्मू-कश्मीर से लौटी उत्तर प्रदेश की महिला ने दावा किया है कि जिन आतंकियों की तस्वीरें (स्केच) जारी की गई हैं, उनमें से दो की उनके ग्रुप के साथ झड़प हुई थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुए एक वीडियो में महिला ने अपना नाम छिपाते हुए एक व्यक्ति की तस्वीर दिखाई, जिसमें आरोप लगाया गया कि फोटो में दिख रहे व्यक्ति ने उससे उसके 'धर्म' के बारे में पूछा था। लिहाजा, गंदेरबल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान अयाज अहमद जुंगाल (Aiyaz Ahmad Jungal) निवासी गोहीपोरा रायजान गंदेरबल के रूप में हुई है। वह थजवास ग्लेशियर सोनमर्ग में टट्टू सेवा देता है। फिलहाल, संदिग्ध से लगातार पूछताछ की जा रही है और पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

महिला ने दावा कर वायरल की थी फोटो

महिला ने दावा किया था कि हमारा 20 लोगों का एक ग्रुप 13 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग स्थानों पर घूमने गया था। हम 20 अप्रैल को पहलगाम पहुंचे थे तभी उसी दिन हमें कुछ संदिग्ध लगा और इसलिए हम सभी हमले वाले क्षेत्र बैसरन से लगभग 500 मीटर पहले ही उतर गए। आसपास के कुछ लोगों के इरादे ठीक नहीं लग रहे थे। वे हमें कुरान पढ़ने के लिए कह रहे थे।

जब हम लोग खच्चर से चढ़ाई कर रहे थे, उस दौरान दो लोग हमें मिले थे और इस दौरान उन्होंने मेरे बारे में पूछा। साथ ही यह भी पूछा कि हमारे ग्रुप में कितने और लोग हैं। उन्होंने हमसे पूछा कि कौन से धर्म से हो, हिंदू हो या मुसलमान। इसके अलावा, उन्होंने हमसे कुरान को पढ़ने के लिए भी कहा था और यह भी पूछा कि रुद्राक्ष क्यों पहना है। जब मेरे भाई ने कहा कि उसे रुद्राक्ष पहनने से अच्छा लगता है, तो इस दौरान उनके साथ हमारी नोकझोंक भी हुई। तभी हम वहां से उतर गए और दूसरे खच्चर वालों की मदद से वापस लौट आए।

35 बंदूकों की कौन कर रहा था बात

महिला ने दावा किया कि कुछ ही देर बाद उनमें से एक व्यक्ति के पास फोन आया और उसने कुछ दूर जाकर फोन पर कोड वर्ड में कहा कि "प्लान-ए" फेल हो गया है। वे 35 बंदूकों को घाटी में भेजने के बारे में भी बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन बातों से मेरा शक और गहरा गया। जिस लड़के ने 35 बंदूकों की बात की थी, उसका फोटो मेरे पास है और आतंकियों के स्कैच जारी होने के बाद मैंने उसे पहचान लिया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें