देश

PAK पर अब सर्वदलीय शिष्टमंडल से 'प्रहार', विपक्ष ने सरकार को सराहा, कहा- आतंक के खिलाफ और बुलंद होगी देश की आवाज

ये शिष्टमंडल अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य बड़े देशों की राजधानियों का दौरा करेंगे और आतंकवाद में पाकिस्तान की संलिप्तता उजागर करेंगे। वहीं, विपक्ष ने सरकार के इस प्रयास की सराहना की है। विपक्ष ने कहा है कि इस तरह के सर्वदलीय शिष्टमंडल पहले भी जाते रहे हैं और इससे आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई और मजबूत होगी।

Image

आतंकवाद पर पाकिस्तान की पोल-पट्टी खुलेगी।

All Party Delegation : आतंकवाद पर पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय शर्मिंदगी उठाने के लिए भारत सरकार ने सात सर्वदलीय शिष्टमंडल का गठन कर दिया। इस शिष्टमंडल में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नामी-गिरामी नेता शामिल हैं। ये शिष्टमंडल अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य बड़े देशों की राजधानियों का दौरा करेंगे और आतंकवाद में पाकिस्तान की संलिप्तता उजागर करेंगे। वहीं, विपक्ष ने सरकार के इस प्रयास की सराहना की है। विपक्ष ने कहा है कि इस तरह के सर्वदलीय शिष्टमंडल पहले भी जाते रहे हैं और इससे आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई और मजबूत होगी।

हम सरकार का स्टैंड बोलते हैं-संदीप दीक्षित

सर्वदलीय शिष्टमंडल के बारे में कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि 'सर्वदलीय शिष्टमंडल भेजेने का काम हम पहले भी कर चुके हैं। महत्वपूर्ण विषयों पर सभी दलों का सर्वदलीय शिष्टमंडल विदेश पहले भी जाता रहा है। इस तरह के शिष्टमंडल का हिस्सा मैं भी रह चुका हूं। हम जहां कहीं भी जाते हैं, हम केवल वही बात करते हैं जैसा सरकार हमें ब्रीफ की हुई होती है।'

'पीएम यदि सुनें तो समस्याओं का हल मिलकर निकाल सकते हैं'

राज्यसभा के सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, '26/11 हमले के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान को आतंकवादी देश बताने के लिए सर्वदलीय बैठक भेजने का फैसला किया। इससे वैश्विक मंच पर यह माहौल बना कि पाकिस्तान, आतंकवाद की फैक्टरी है और वह आतंकवादी पैदा करता है। पीएम मनमोहन सिंह के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं में कमी आई। सीजफायर उल्लंघन की घटनाओं के बाद मैंने सर्वदलीय शिष्टमंडल बाहर भेजने की मांग की। मैं काफी खुश हूं कि पीएम मोदी ने विपक्ष की बात सुनी। मैं हमेशा कहता हूं कि यदि वह हमारी सलाह सुनें तो कई समस्याओं का समाधान हम मिलकर निकाल सकते हैं।'

आंतकवाद के खिलाफ बुलंद होगी आवाज-उमर

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, '2001 में जब संसद पर हमला हुआ था तो उस समय के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कई देशों में सर्वदलीय शिष्टमंडल भेजा था। आतंकवाद के खिलाफ भारत की आवाज और बुलंद के लिए यह एक अच्छा मौका है।'

सर्वदलीय शिष्टमंडल के बारे में रिजिजू ने दी जानकारी

आतंकवाद के खिलाफ भारत सरकार की जीरो टॉलरेंस का संदेश दुनिया को देने के लिए भारत सरकार ने जो शिष्टमंडल बनाए हैं, उनके बारे में जानकारी देते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने शनिवार को X पर अपने एक पोस्ट में कहा कि 'भारत एकजुट है। सात सर्वदलीय शिष्टमंडल जल्द ही अहम सहयोगी देशों के दौरे पर जाएगा। दलगत राजनीति एवं मतभेदों से ऊपर यह भार की मजबूत राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।' रिजिजू ने अपने इस ट्वीट के साथ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद और कांग्रेस नेता शशि थरूर को भी टैग किया है। रिजिजू ने कहा कि शिष्टमंडल की अगुवाई शशि थरूर, रवि शंकर प्रसाद, संजय कुमार झा, बैजयंत पांडा, कनिमोजी, सुप्रिया सुले और श्रीकांत शिंदे करेंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article