Opposition Meeting In Mumbai: आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के 'NDA vs INDIA' की जंग जारी है। 28 विपक्षी पार्टियों के गठबंधन के नेता मुंबई में मौजूद हैं। मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में चल रही इस बैठक में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने की प्लानिंग चल रही है। चुनाव से पहले विपक्षी पार्टियों का ये गठबंधन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है।
14 सदस्यों की कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन
मुंबई में चल रही इस बैठक में चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है। विपक्षी गठबंधन की बैठक में 14 सदस्यों की कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है। इस समिति में फिलहाल 13 नेताओं को शामिल किया गया है, लेकिन इस बात का ऐलान हो गया है 14वां नाम सीपीआई-एम से होगा।
- केसी वेणुगोपाल (कांग्रेस)
- शरद पवार (एनसीपी)
- एमके स्टालिन (डीएमके)
- संजय राउत (शिवसेना)
- तेजस्वी यादव (आरजेडी)
- अभिषेक बनर्जी (टीएमसी)
- राघव चड्ढा (आम आदमी पार्टी)
- जावेद खान (समाजवादी पार्टी)
- ललन सिंह (जदयू)
- हेमंत सोरेन (जेएमएम)
- डी राजा (सीपीआई)
- उमर अब्दुल्ला (नेशनल कॉन्फ्रेंस)
- महबूबा मुफ्ती (पीडीपी)
- अभी नाम तय नहीं (सीपीआई-एम)
बैठक के पहले दिन (31 अगस्त, 2023 - गुरुवार) INDIA गठबंधन ने चुनाव मोड में आने और 2024 के लोकसभा चुनावों में एनडीए से मुकाबला करने की अपनी योजनाओं को तेज करने का फैसला किया। बैठक के दूसरे दिन शुक्रवार को विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने ये संकल्प लिया है कि वे सभी एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ने लिया ये संकल्प
आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ने को लेकर INDIA (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्ल्युसिव एलायंस) के दलों का प्रस्ताव पेश किया। विपक्षी दलों ने संकल्प लिया कि
'हम, INDIA के सभी दल, जहां तक संभव हो सके, आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ने का संकल्प लेते हैं। विभिन्न राज्यों में सीट-बंटवारे की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाएगी और विचार-विमर्श की सहयोगात्मक भावना के साथ इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।'
'हम, INDIA के सभी दल, जनता की समस्याओं एवं उनसे जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर देश के विभिन्न भागों में जल्द से जल्द सार्वजनिक सभाएं आयोजित करने का संकल्प लेते हैं।'
'हम, INDIA के सभी दल, विभिन्न भाषाओं में “जुड़ेगा भारत, जीतेगा INDIA” थीम के साथ अपने संचार और मीडिया रणनीतियों एवं अभियानों के समन्वय का संकल्प लेते हैं।'
