देश

क्या महाराष्ट्र में पाकिस्तानियों पर फडणवीस, शिंदे दे रहे विरोधाभासी बयान? विपक्ष का सरकार को घेरा

फडणवीस ने रविवार को राज्य में पाकिस्तानी नागरिकों के लापता होने की खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि उन सभी का पता लगा लिया गया है। वहीं, टिप्टी-सीएम शिंदे ने कुछ और ही कहा था।

Image

देवेंद्र फडणवीस-एकनाथ शिंदे

Photo : PTI

Pakistanis in Maharashtra: महाराष्ट्र में पाकिस्तानी नागरिकों की संख्या के बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विरोधाभासी बयानों को लेकर विपक्षी दलों ने सोमवार को भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार पर निशाना साधा। फडणवीस ने रविवार को राज्य में पाकिस्तानी नागरिकों के लापता होने की खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि उन सभी का पता लगा लिया गया है।

शिंदे ने क्या कहा

उन्होंने कहा था कि पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर केंद्र द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की व्यवस्था की जा रही है। दूसरी ओर, शिंदे ने कहा था कि अगर 107 पाकिस्तानी नागरिक लापता हैं तो पुलिस उन्हें ढूंढ़कर उनसे निपटेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा, पाकिस्तान और पाकिस्तानियों पर दया दिखाने का कोई कारण नहीं है। जो लोग पाकिस्तानियों को पनाह दे रहे हैं, उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा।

सुप्रिया सुले ने साधा निशाना

विपक्षी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने मामले की संवेदनशील प्रकृति को देखते हुए सरकार से स्पष्ट जवाब की मांग की। पुणे जिले के बारामती से लोकसभा सांसद सुले ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पूर्ण बहुमत होने के बावजूद सरकार में टकराव है। उन्हें (सरकार को) इसका जवाब देना होगा, क्योंकि यह बहुत संवेदनशील सूचना है। यह आश्चर्यजनक है कि सरकार के उच्च स्तर पर इस तरह की गलतफहमी हो रही है। यह मेरे लिए नयी बात है और मैं किसी भी राज्य में ऐसा पहली बार देख रही हूं।

शिवसेना भी बरसी

शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में कहा गया है कि फडणवीस सरकार ऐसे संवेदनशील विषय पर एकमत नहीं है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी ने पूछा, अगर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री विरोधाभासी बयान देते हैं तो लोगों को किस पर भरोसा करना चाहिए?

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!