Operation Sindoor: पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर भारत के हमले के कुछ घंटे बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि दुनिया को आतंकवाद के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनानी होगी। पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत सैन्य हमले किए गए। पहलगाम हमले में 26 नागरिक मारे गए थे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत ने ठिकानों के चयन और अपनी कार्रवाई को अंजाम देने के तरीके में काफी संयम दिखाया है। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, 'दुनिया को आतंकवाद के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति दिखानी चाहिए।' बता दें कि, इस ऑपरेशन को भारतीय वायुसेना, नौसेना और थल सेना ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
पाकिस्तान में आतंकी ठिकाने नेस्तनाबूत
पीटीआई भाषा के मुताबिक, भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिन्दूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के मुख्यालयों को रात के वक्त निशाना बनाया। भारतीय वायुसेना के सटीक अभियान में निशाना बनाए गए ठिकानों में बहावलपुर का मरकज सुभान अल्लाह, तेहरा कलां का सरजल, कोटली का मरकज अब्बास और मुजफ्फराबाद का सैयदना बिलाल कैंप शामिल हैं। ये सभी ठिकाने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं। इस अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें मुरिदके का मरकज तैयबा, बरनाला का मरकज अहले-हदीस और मुजफ्फराबाद का शवावाई नाला कैंप शामिल हैं। हालांकि, भारत की ओर से स्पष्ट कहा गया है कि, 'भारतीय सशस्त्र बलों की यह कार्रवाई नपी-तुली रही है और इसमें किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया है।'
पाकिस्तान की गीदड़भभकी
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके देश को भारत द्वारा थोपे गए युद्ध के इस कृत्य का मुंहतोड़ जवाब देने का पूरा अधिकार है। ऑपरेशन सिन्दूर के तहत पाकिस्तान में आंतकी ठिकानों सैन्य कार्रवाई के बाद शहबाज शरीफ ने कहा कि, 'पाकिस्तानी राष्ट्र और पाकिस्तानी सशस्त्र बल दुश्मन से बहुत अच्छी तरह से निपटना जानते हैं।'
