Hijab Row: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को महाराष्ट्र के सोलापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए एक बड़ा बयान दिया जिस पर सियासी दलों की प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गईं। ओवैसी ने भारत और पाकिस्तान के संवैधानिक प्रक्रियाओं की तुलना करते हुए अपना सपना जनता के समक्ष उजागर किया। उन्होंने कहा कि एक दिन इस देश में हिजाब पहनने वाली बेटी प्रधानमंत्री बनेगी।
ओवैसी ने क्या कुछ कहा?
ओवैसी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान की सराहना करते हुए कहा कि यह संविधान किसी भी नागरिक को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मेयर बनने का अधिकार देता है।
ओवैसी ने PAK को लताड़ा
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ''पाकिस्तान के संविधान में लिखा है कि एक ही मजहब का आदमी पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बन सकता है, जबकि बाबा साहब अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान कहता है- कोई भी आदमी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मेयर बन सकता है।''
ओवैसी ने बताया अपना ख्वाब
इस दौरान ओवैसी ने अपना सपना बताते हुए कहा कि एक दिन इस देश में हिजाब पहनने वाली बेटी 'वजीर ए आजम' बनेगी... याद रखो ये नफरत जो तुम मुसलमानों के खिलाफ भड़का रहे हो, ये ज्यादा दिन नहीं चलेगी। नफरत फैलाने वालों तुम खत्म हो जाओगे... जब मोहब्बत आम होगी तो लोगों को मालूम होगा कि कैसे इनके दिलों दिमाग में जहर भर दिया गया था...
कांग्रेस ने किया पलटवार
ओवैसी के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए एआईएमआईएम प्रमुख की टिप्पणी को दिन में तारे देखने जैसा करार दिया। कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा, ''वह ऐसी बातें कर रहे हैं जो नामुमकिन हैं, जैसे दिन में तारे देखना। वह ऐसी बात क्यों कर रहे हैं जो मुमकिन ही नहीं है? लोकतंत्र में सभी को अधिकार हैं। हिजाब पहनना या न पहनना एक निजी मामला है।"
