देश

कांग्रेस-NC गठबंधन में महबूबा के लिए जगह नहीं! फारूक ने बयान से बता दिया कौन-कौन मिलकर लड़ेगा चुनाव

Jammu Kashmir Assembly Elections 2024 : फारूक का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उन्होंने यह बात कही है। जाहिर है कि राहुल के साथ बातचीत में पीडीपी को साथ लेकर चुनाव लड़ने की चर्चा हुई होगी लेकिन अब फारूक के बयान से यही संकेत मिलता है कि इस गठबंधन में महबूबा मुफ्ती के लिए दरवाजा बंद हो चुका है।

Image

जम्मू कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव होने जा रहा है।

KEY HIGHLIGHTS
  • जम्मू कश्मीर में 10 साल के बाद विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं
  • कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस साथ मिलकर यह चुनाव लड़ेगी
  • श्रीनगर पहुंचे राहुल गांधी ने गुरुवार को फारूक से मुलाकात की

Jammu Kashmir Assembly Elections 2024 : जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस किस राजनीतिक दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी, इसे फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को साफ कर दिया। फारूक से यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव में उनकी पार्टी का पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की पीडीपी के साथ गठबंधन होगा। इस पर एनसी नेता ने कहा कि 'कांगेस और एनसी एक साथ हैं। माकपा के एमवाई तारिगामी भी हमारे साथ हैं। मुझे भरोसा है कि हमारे लोग भी हमारे साथ हैं ताकि हम जीत सकें और लोगों की सेवा कर सकें।'

लोकसभा चुनाव हार गईं महबूबा

फारूक का यह बयान महबूबा मुफ्ती के लिए झटका है। लोकसभा चुनाव में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। पीडीपी को उम्मीद थी कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और एनसी के इस अलायंस में उसे भी जगह दी जाएगी। बता दें कि फारूक का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उन्होंने यह बात कही है। जाहिर है कि राहुल के साथ बातचीत में पीडीपी को साथ लेकर चुनाव लड़ने की चर्चा हुई होगी लेकिन अब फारूक के बयान से यही संकेत मिलता है कि इस गठबंधन में महबूबा मुफ्ती के लिए दरवाजा बंद हो चुका है।

पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करना लक्ष्य-राहुल

फारूक से मुलाकात से पहले राहुल ने श्रीनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस नेता ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार वापस मिलें। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘कांग्रेस पार्टी और ‘इंडिया’ की प्राथमिकता है कि जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा जल्द से जल्द बहाल किया जाए। हमें उम्मीद थी कि चुनाव से पहले ऐसा कर दिया जाएगा, लेकिन चुनाव घोषित हो गए। हम उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द से जल्द पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा और जम्मू-कश्मीर के लोगों के अधिकार (लोकतांत्रिक अधिकार) बहाल किए जाएंगे।’

'पहली बार है जब राज्य, केंद्र शासित प्रदेश बन गया'

राहुल गांधी ने कहा, ‘ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है। केंद्र शासित प्रदेश राज्य बन गए, लेकिन यह पहली बार है कि कोई राज्य केंद्र शासित प्रदेश बन गया है। इसलिए, हमने अपने (लोकसभा चुनाव के) घोषणापत्र में भी स्पष्ट किया था कि यह हमारी प्राथमिकता है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार वापस मिलें।’कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। राहुल गांधी ने कहा कि उनका यहां आना सौभाग्य की बात है और जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ उनका गहरा रिश्ता है। उन्होंने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए मेरा संदेश है कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आपके साथ है। हम समझते हैं कि आप बहुत कठिन दौर से गुजर रहे हैं। हम कठिन दौर और हिंसा खत्म करना चाहते हैं। जैसा कि मैंने 'भारत जोड़ो यात्रा' में कहा था- हम सम्मान और भाईचारे के साथ ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोलना चाहते हैं।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article